
धरसींवा: पाइपलाइन विवाद में फरार चल रहे सरपंच तारणदास साहू सहित तीन आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजे गए
धरसींवा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सुंगेरा में पाइपलाइन कार्य को लेकर पुलिस और ग्रामीणों के बीच हुए टकराव के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे ग्राम सरपंच तारणदास साहू समेत तीन लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। तीनों आरोपियों को सोमवार को स्थानीय न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में ग्राम सुंगेरा के सरपंच तारणदास साहू (पिता स्व. टीकाराम साहू), ताकेश्वर उर्फ तारकेश्वर साहू (पिता परसराम साहू), और बिसंभर यादव (पिता स्व. लतेल यादव) शामिल हैं। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर तीनों को धर-दबोचा और कानूनी प्रक्रिया के तहत अदालत में पेश किया।
क्या है मामला?
जनवरी 2024 में महेन्द्रा स्पंज कंपनी द्वारा खारून नदी के लखना एनीकट के पास पाइपलाइन बिछाने का कार्य किया जा रहा था। इस कार्य का ग्राम सुंगेरा सहित आसपास के ग्रामीणों ने विरोध किया था। ग्रामीणों का कहना था कि यह पाइपलाइन उनके जल स्रोतों को नुकसान पहुंचाएगी और उनके पारंपरिक जलाधिकारों पर खतरा उत्पन्न होगा।
प्रदर्शन के दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई थी, और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों व कर्मचारियों के साथ कथित रूप से मारपीट की गई थी। इस संबंध में अपराध क्रमांक 346/2024 के तहत भारतीय दंड संहिता की धाराएं 342, 294, 323, 506, 186, 332, 353, 147, 148 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहे थे और उनकी तलाश की जा रही थी। मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर सोमवार को कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
सामाजिक और राजनीतिक प्रतिक्रिया
इस पूरे घटनाक्रम को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। जहां प्रशासन इस मामले को कानून व्यवस्था से जुड़ा बता रहा है, वहीं ग्रामीणों और कुछ सामाजिक संगठनों का आरोप है कि जल-संरक्षण के लिए खड़े होने वाले लोगों को झूठे मामलों में फंसाया जा रहा है।
प्रशासन ने क्षेत्र में शांति बनाए रखने की अपील की है और कानून व्यवस्था को हर हाल में बनाए रखने का भरोसा दिलाया है।

Anil Kumar Bhatt
Editor in Chief
