
तिल्दा टाईम्स CG न्यूज संवाददाता
मुख्यमंत्री निवास में पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया हरेली पर्व, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दी किसानों को बड़ी सौगात
तिल्दा टाईम्स रायपुर, छत्तीसगढ़
राजधानी रायपुर के सिविल लाइन स्थित मुख्यमंत्री निवास में 24जुलाई दिनगुरूवार को छत्तीसगढ़ के पारंपरिक पर्व हरेली का भव्य और गरिमामय आयोजन हुआ। ग्रामीण परिवेश की झलक लिए मुख्यमंत्री निवास परिसर को विशेष रूप से सजाया गया था, जहां पूरे उत्साह और लोक संस्कृति की रंगत में यह त्योहार मनाया गया।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए हरेली की शुभकामनाएं दीं और प्रदेश की खेती-किसानी आधारित संस्कृति की गौरवशाली परंपरा को रेखांकित किया। उन्होंने कहा, “हरेली छत्तीसगढ़ की मिट्टी, परंपरा और प्रकृति से जुड़ा ऐसा पर्व है, जो हमें हमारी संस्कृति से जोड़ता है।छत्तीसगढ़ प्रदेश में यह हरेली त्यौहार बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया और मुख्यमंत्री निवास में भी यह त्यौहार बड़ी धूमधाम और उत्साह से मनाया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर से लेकर सरगुजा तक हरेली पर्व को मनाने की अपनी विशिष्ट शैली है, लेकिन हर स्थान पर इसमें एकता की भावना, आस्था और लोक आनंद का एक जैसा स्वरूप देखने को मिलता है।
किसानों के हित में ऐतिहासिक निर्णय
मुख्यमंत्री श्री साय ने किसानों के लिए एक बड़ी घोषणा करते हुए बताया कि उनकी सरकार ने धान खरीदी की दर 3100 रुपये प्रति क्विंटल तय की है, साथ ही 21 क्विंटल प्रति एकड़ की सीमा निर्धारित कर दी गई है। यह कदम प्रदेश के लाखों किसानों को आर्थिक मजबूती देने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है। उन्होंने कहा, “किसानों की खुशहाली और समृद्धि हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।”
प्रकृति और परंपरा का संगम
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पर्यावरण संरक्षण पर भी बल दिया और कहा कि जिस तरह प्रकृति हमें जीवन देती है, उसी तरह हमारा भी यह दायित्व है कि हम प्रकृति का संरक्षण करें। उन्होंने हरेली पर्व को प्रकृति पूजा और धरती की हरियाली का उत्सव बताते हुए कहा कि यह केवल किसानों का पर्व नहीं, बल्कि सम्पूर्ण छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान है।
समापन संदेश
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने सभी प्रदेशवासियों को हरेली पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा, “छत्तीसगढ़ महतारी की कृपा हम सभी पर बनी रहे और हमारे किसान भाई सदा खुशहाल रहें – यही मेरी मंगल कामना है।”
रिपोर्टिंग – तिल्दा टाईम्स CG न्यूज टीम
स्थान: मुख्यमंत्री निवास, रायपुर

Anil Kumar Bhatt
Editor in Chief
