तिल्दा-नेवरा वार्ड क्रमांक 22 स्थित अटल आवास क्षेत्र में चाकू लहराकर दहशत फैलाने वाला आरोपी गिरफ्तार

Img 20260406 Wa00021681745492288097127 1024x576


अटल आवास क्षेत्र में चाकू लहराकर दहशत फैलाने वाला आरोपी गिरफ्तार


तिल्दा नेवरा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज, आरोपी न्यायिक रिमांड पर भेजा गया


तिल्दा-नेवरा, रायपुर (ग्रामीण), 5 अप्रैल 2026:
जिला रायपुर (ग्रामीण) के थाना तिल्दा नेवरा क्षेत्र में आम नागरिकों को डराने-धमकाने की कोशिश कर रहे एक युवक को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी सार्वजनिक स्थान पर चाकू लहराकर राहगीरों में भय का माहौल बना रहा था।


पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 5 अप्रैल को मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली कि वार्ड क्रमांक 22 स्थित अटल आवास क्षेत्र में एक युवक चाकू दिखाकर लोगों को डरा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और सूझबूझ के साथ कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक चाकू बरामद किया गया।


पकड़े गए आरोपी की पहचान अमित माण्डले (19 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 22 अटल आवास, तिल्दा नेवरा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।


पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर नियंत्रण के लिए विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत निगरानी बदमाशों, गुंडा तत्वों और अड्डेबाजों की नियमित चेकिंग की जा रही है तथा अपराधियों की धरपकड़ के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।


इस पूरी कार्रवाई में थाना तिल्दा नेवरा प्रभारी सहित संपूर्ण पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



तिल्दा नेवरा पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र के नागरिकों ने राहत की सांस ली है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक शांति भंग करने वाले तत्वों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *