
तिल्दा नेवरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ऑपरेशन ‘निश्चय’ के तहत अवैध शराब के खिलाफ लगातार प्रहार, दो आरोपी गिरफ्तार
88 पौवा देशी शराब, नगदी और दो एक्टिवा जब्त, आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया
तिल्दा-नेवरा, रायपुर (ग्रामीण), 5 अप्रैल 2026:
जिला रायपुर (ग्रामीण) के थाना तिल्दा नेवरा पुलिस द्वारा अवैध शराब के परिवहन और विक्रय पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन निश्चय” के तहत लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में दबिश देकर अवैध शराब के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम ताराशिव स्थित हर्षदीप पेट्रोल पंप के पास पूरन लाल वर्मा नामक व्यक्ति अपने मोपेड (एक्टिवा) में अवैध रूप से देशी मदिरा रखकर बिक्री कर रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और आरोपी के कब्जे से 48 पौवा देशी मसाला शराब, 600 रुपये नगद और एक्टिवा वाहन (क्रमांक CG 04 PT 8864) जब्त किया।
इसी तरह एक अन्य कार्रवाई में पुलिस को सूचना मिली कि गोविंदा चतुर्वेदी उर्फ भरत लाल चतुर्वेदी अपने एक्टिवा (क्रमांक CG 04 QJ 9397) में अवैध शराब परिवहन कर रहा है। पुलिस ने रेड कार्रवाई कर उसके पास से 40 पौवा देशी मसाला शराब और वाहन बरामद किया।
दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल रायपुर भेज दिया गया है।
जब्त सामग्री का विवरण:
कुल 88 पौवा देशी मदिरा मसाला शराब (कीमत लगभग 8,800 रुपये)
शराब बिक्री की नगदी 600 रुपये
2 नग एक्टिवा मोपेड (कीमत लगभग 1 लाख रुपये)
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) रायपुर के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत शुक्ला एवं नगर पुलिस अधीक्षक (विधानसभा) वीरेन्द्र चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक रमाकांत तिवारी के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक बी.एल. देवांगन, शंकर लाल वर्मा एवं पेट्रोलिंग टीम ने इस ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।
आरोपीगण:
पूरन लाल वर्मा (30 वर्ष), निवासी ग्राम ताराशिव, थाना तिल्दा नेवरा
गोविंदा चतुर्वेदी उर्फ भरत लाल चतुर्वेदी (30 वर्ष), निवासी ग्राम छपोरा, थाना तिल्दा नेवरा
तिल्दा नेवरा पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। पुलिस का कहना है कि “ऑपरेशन निश्चय” के तहत इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी, जिससे अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।

Anil Kumar Bhatt
Editor in Chief
