
होली की आड़ में हैवानियत: मां को बाहर भेजकर घर में घुसकर युवती से गैंगरेप, पांच आरोपी गिरफ्तार
कोंडागांव, 7 मार्च 2026। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले से मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। होली के दूसरे दिन केशकाल अनुविभाग के इरागांव थाना क्षेत्र में एक 19 वर्षीय युवती के साथ पांच युवकों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की और सभी पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में दो बालिग और तीन नाबालिग शामिल बताए जा रहे हैं।
रंग-गुलाल के बहाने घर पहुंचे आरोपी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना होली के दूसरे दिन की बताई जा रही है। आरोपियों ने पहले से ही साजिश रच रखी थी। वे रंग-गुलाल लगाने के बहाने युवती के घर पहुंचे और घर के भीतर प्रवेश कर गए।
बताया जा रहा है कि आरोपियों ने चालाकी से युवती की मां को शराब लाने के बहाने घर से बाहर भेज दिया। मां के घर से निकलते ही युवती घर में अकेली रह गई। इसी दौरान चार युवक जबरन कमरे में घुस गए और बारी-बारी से युवती के साथ दुष्कर्म किया, जबकि उनका एक साथी घर के बाहर खड़ा होकर पहरा देता रहा।
मां के लौटने पर हुआ खुलासा
कुछ समय बाद जब युवती की मां घर वापस लौटी तो उसे घर का दरवाजा अंदर से बंद मिला। दरवाजा खुलवाने पर उसने अंदर का मंजर देखकर हक्का-बक्का रह गई। मां को देखते ही आरोपी घबरा गए और मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद गांव में अगले दिन इस मामले को लेकर बैठक भी बुलाई गई थी, लेकिन आरोपी उसमें शामिल नहीं हुए। इसके बाद पीड़िता और उसके परिजनों ने थाने पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोंडागांव पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के निर्देश पर पुलिस ने तत्काल एक विशेष टीम गठित की। टीम ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर सभी पांचों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में दो बालिग और तीन नाबालिग हैं। सभी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। नाबालिग आरोपियों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा, जबकि बालिग आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पीड़िता को न्याय दिलाने की प्रक्रिया जारी
पुलिस ने बताया कि मामले में सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं। पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया है और आगे की जांच जारी है।
अधिकारियों का कहना है कि इस जघन्य अपराध में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए पुलिस पूरी गंभीरता से कार्रवाई कर रही है।
इस घटना के सामने आने के बाद पूरे इलाके में आक्रोश और चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी सजा की मांग की है।

Anil Kumar Bhatt
Editor in Chief
