रायपुर – बिलासपुर हाईवे पर भीषण सड़क हादसा: बस को ट्रक ने मारी टक्कर, 5 लोगों की मौत 21 घायल

Img 20260307 Wa00212312701094802142921 576x1024

रायपुर-बिलासपुर हाईवे पर भीषण सड़क हादसा: बस को ट्रक ने मारी टक्कर, 5 लोगों की मौत, 21 घायल


रायपुर/सिमगा, 6 मार्च 2026। छत्तीसगढ़ में रायपुर-बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दरचूरा चौक के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने यात्री बस को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 21 यात्री घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

Image Editor Output Image 890575784 17728662654877917738545220873559


पुलिस के अनुसार दुर्घटना सुबह करीब 11 बजे की है। रायपुर से बिलासपुर की ओर जा रही आरबीएस कंपनी की यात्री बस दरचूरा गांव के पास सवारी लेने के लिए धीमी हुई थी। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक (MH 37 T 1821) के चालक ने लापरवाहीपूर्वक बस को पीछे से टक्कर मार दी।


टक्कर इतनी जोरदार कि बस का पिछला हिस्सा हुआ चकनाचूर


प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद बस में सवार कई यात्री सीटों से उछलकर घायल हो गए, जबकि कुछ यात्री सीटों के बीच फंस गए थे। दुर्घटना के तुरंत बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

Img 20260307 Wa00197145025668742815711 1024x576


अस्पताल में इलाज के दौरान बढ़ा मृतकों का आंकड़ा
हादसे में शुरुआत में चार लोगों की मौत हुई थी, जिनमें एक पुरुष, दो महिलाएं और एक बच्ची शामिल थे। गंभीर रूप से घायल चार लोगों को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया था। इनमें से एक व्यक्ति की उपचार के दौरान मौत हो गई, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर 5 हो गई।


स्थानीय लोगों ने चलाया राहत और बचाव अभियान
हादसे के बाद आसपास मौजूद ग्रामीण और राहगीर तुरंत मदद के लिए आगे आए। उन्होंने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की और घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। बाद में पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंच गई।

Img 20260307 Wa00163425873340291691499 576x1024


पुलिस ने शुरू की जांच


घटना की सूचना मिलते ही सिमगा पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाने के साथ ही हाईवे पर ट्रैफिक व्यवस्था बहाल कराई। सिमगा थाना प्रभारी लवकुश केवट ने बताया कि हादसे की जांच शुरू कर दी गई है। बस और ट्रक चालक से पूछताछ कर दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Img 20260307 Wa00175883411052022116682 576x1024


पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। वहीं प्रशासन ने घायलों के बेहतर इलाज के लिए अस्पताल प्रबंधन को आवश्यक निर्देश दिए हैं।


हाईवे पर बढ़ती दुर्घटनाओं को लेकर चिंता


रायपुर-बिलासपुर हाईवे प्रदेश के सबसे व्यस्त मार्गों में से एक है। तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण यहां अक्सर सड़क दुर्घटनाएं सामने आती रहती हैं। इस घटना के बाद एक बार फिर हाईवे पर यातायात सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *