
तमनार: तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से गाय की मौत, ग्रामीणों ने किया चक्का जाम
इंदिरा नगर में रातभर थमे रहे भारी वाहन, प्रशासन से सुरक्षा की मांग
रायगढ़ (तिल्दा टाइम्स)। तमनार विकासखंड के इंदिरा नगर क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से एक गाय की मौत हो गई। इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने रात करीब 11 बजे सड़क पर चक्का जाम कर दिया। ग्रामीणों ने भारी वाहनों की आवाजाही को पूरी तरह रोकते हुए प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
ग्रामीणों का आरोप है कि इलाके में तेज रफ्तार भारी वाहनों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है, जिससे क्षेत्र में सड़क हादसों की संख्या में इजाफा हुआ है। न केवल आम लोगों की जान जोखिम में है, बल्कि मवेशी भी लगातार इन दुर्घटनाओं के शिकार हो रहे हैं।

लंबी कतार में फंसे भारी वाहन
चक्का जाम के कारण हुंकराडिपा से लेकर आमाघाट तक भारी वाहनों की लंबी कतार लग गई है। ट्रक और ट्रेलर के चालकों को रातभर सड़क पर रुकना पड़ा, जिससे उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
पुलिस मौके पर, ग्रामीण अडिग
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस टीम रात में ही मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन ग्रामीणों ने मांगें पूरी होने तक जाम नहीं हटाने की चेतावनी दी है। खबर लिखे जाने तक चक्का जाम जारी था और भारी वाहनों के पहिए थमे हुए थे।
ग्रामीणों की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि—
तेज रफ्तार भारी वाहनों पर तत्काल कार्रवाई की जाए।
क्षेत्र में स्पीड ब्रेकर और चेतावनी संकेतक लगाए जाएं।
मवेशियों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त उपाय किए जाएं।
यदि प्रशासन शीघ्र कार्रवाई नहीं करता, तो ग्रामीणों ने आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है।


Anil Kumar Bhatt
Editor in Chief
