
एन्थ्राक्यूनॉन पावडर स्टोरेज सेक्शन में लगी आग, 8 फायर ब्रिगेड ने पाया काबू; जनहानि नहीं
राजनांदगांव, 16 फरवरी 2026।
राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम मोहंदी स्थित मेसर्स जया हाउसहोल्ड स्पेशिलिटी केमिकल्स प्राईवेट लिमिटेड में सोमवार दोपहर लगभग 12 बजे औद्योगिक दुर्घटना के चलते आग लगने की घटना सामने आई। आग उद्योग के एन्थ्राक्यूनॉन पावडर स्टोरेज सेक्शन में लगी, जिससे परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि प्रशासन की तत्परता और दमकल टीमों की मुस्तैदी से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया। राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
प्रशासन ने दिखाई तत्परता
घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी कलेक्टर एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुश्री सुरूचि सिंह के दिशा-निर्देश पर जिला एवं पुलिस प्रशासन तत्काल सक्रिय हो गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए राजनांदगांव के साथ-साथ खैरागढ़-छुईखदान-गण्डई और दुर्ग जिले से कुल 8 फायर ब्रिगेड वाहनों को मौके पर बुलाया गया।
दमकल कर्मियों ने कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया। एहतियात के तौर पर आसपास के क्षेत्र की निगरानी भी की गई, ताकि किसी प्रकार की पुनः आगजनी या रासायनिक प्रभाव की आशंका न रहे।
मौके पर मौजूद रहे वरिष्ठ अधिकारी
घटना के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर, नगर पुलिस अधीक्षक सुश्री वैशाली जैन, एसडीओपी सुश्री मंजूलता बाज, तहसीलदार घुमका श्री मुकेश ठाकुर, नायब तहसीलदार श्री रामलखन चौहान, थाना प्रभारी घुमका श्री विजय मिश्रा तथा टीआई बसंतपुर श्री हेमंत साहू सहित प्रशासन एवं पुलिस विभाग की टीम मौके पर मौजूद रही और राहत-बचाव कार्यों की निगरानी करती रही।
पर्यावरण विभाग की जांच जारी
घटना की गंभीरता को देखते हुए छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल, भिलाई के क्षेत्रीय अधिकारी दल ने भी स्थल का निरीक्षण किया। डॉ. अनीता सावंत एवं कनिष्ठ वैज्ञानिक श्री शिवप्रसाद ने मौके पर पहुंचकर प्रारंभिक जांच की। अधिकारियों के अनुसार आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। फिलहाल आग लगने का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है।
निरीक्षण के दौरान उद्योग के प्रतिनिधि एवं मैनेजर श्री के.जी. शर्मा भी उपस्थित रहे और उन्होंने प्रशासन को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई।
सुरक्षा मानकों पर उठे सवाल
हालांकि जनहानि नहीं हुई, लेकिन रासायनिक इकाई में आग लगने की घटना ने सुरक्षा प्रबंधन और स्टोरेज सिस्टम को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि हादसा तकनीकी खामी, मानवीय त्रुटि या अन्य किसी कारण से हुआ।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि जांच में किसी प्रकार की लापरवाही पाई जाती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और क्षेत्र में किसी प्रकार का खतरा नहीं है।

Anil Kumar Bhatt
Editor in Chief
