
रायपुर में ऑनलाइन सट्टा रैकेट का भंडाफोड़, 6 आरोपी गिरफ्तार
लाखों की नगदी जब्त
म्यूल बैंक खातों व हवाला लेनदेन की जांच शुरू
रायपुर (छत्तीसगढ़)। राजधानी रायपुर में पुलिस ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एण्टी क्राइम एण्ड साइबर यूनिट एवं थाना गंज पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में लाखों रुपये की नगद राशि, मोबाइल फोन एवं ऑनलाइन सट्टे से जुड़े अहम डिजिटल साक्ष्य बरामद किए गए हैं।
पुलिस को जप्त नगदी के संबंध में म्यूल बैंक खातों एवं हवाला ट्रांजेक्शन के साक्ष्य भी प्राप्त हुए हैं, जिस पर अब विस्तृत वित्तीय जांच (फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन) कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 31 जनवरी 2026 को एण्टी क्राइम एण्ड साइबर यूनिट को सूचना प्राप्त हुई थी कि थाना गंज क्षेत्र अंतर्गत नागोराव गली अंडर ब्रिज के पास कुछ लोग चारपहिया वाहनों में बैठकर ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे हैं। सूचना को पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) श्री स्मृतिक राजनाला एवं पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल जोन) श्री उमेश प्रसाद गुप्ता द्वारा गंभीरता से लेते हुए तत्काल तस्दीक एवं वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त, सहायक पुलिस आयुक्त तथा थाना प्रभारी के नेतृत्व में एण्टी क्राइम एण्ड साइबर यूनिट और थाना गंज पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने मौके पर पहुंचकर मुखबिर द्वारा बताए गए तीन अलग-अलग चारपहिया वाहनों को चिन्हांकित किया, जिनमें कुल 6 व्यक्ति सवार पाए गए।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम
रखब देव पाहुजा
पीयूष जैन
जितेन्द्र कुमार कृपलानी उर्फ जित्तू
दीपक अग्रवाल
कमल राघवानी
सचिन जैन
बताए।
मोबाइल जांच में ऑनलाइन सट्टे का खुलासा
आरोपियों के मोबाइल फोन की जांच करने पर यह सामने आया कि वे ऑनलाइन बैटिंग साइट्स के माध्यम से मास्टर आईडी बनाकर एवं आईडी वितरण कर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खेल रहे थे और खिलवा रहे थे। जांच में यह भी पाया गया कि उनके पास से लाखों रुपये की नगद राशि बरामद हुई है, जो अवैध सट्टे से अर्जित की गई थी।
मास्टर आईडी और कमीशन का खेल
पुलिस के अनुसार आरोपी रखब देव पाहुजा एवं पीयूष जैन ऑनलाइन सट्टा खेलने-खिलाने वालों को विभिन्न ऑनलाइन बैटिंग साइट्स की मास्टर आईडी कमीशन बेस पर उपलब्ध कराते थे। वहीं अन्य आरोपी—जितेन्द्र कुमार कृपलानी उर्फ जित्तू, दीपक अग्रवाल, कमल राघवानी एवं सचिन जैन—खुद सट्टा खेलने के साथ-साथ अन्य ग्राहकों को ऑनलाइन बैटिंग आईडी कमीशन के आधार पर उपलब्ध कराकर अवैध लाभ अर्जित कर रहे थे।
हवाला और म्यूल अकाउंट की परतें खुलने की संभावना
प्रारंभिक जांच में जप्त नगदी रकम को लेकर म्यूल बैंक खातों और हवाला ट्रांजेक्शन से जुड़े साक्ष्य सामने आए हैं। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की फाइनेंशियल ट्रेल, बैंक खातों, डिजिटल लेनदेन और अन्य संभावित सहयोगियों की गहन जांच कर रही है। संभावना जताई जा रही है कि जांच आगे बढ़ने पर इस सट्टा रैकेट से जुड़े और नाम सामने आ सकते हैं।
फिलहाल पुलिस द्वारा आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है तथा मामले की विस्तृत विवेचना जारी है।

Anil Kumar Bhatt
Editor in Chief
