रतनपुर: 15 दिनों से लापता मासूम की हत्या का खुलासा, मोबाइल लूटने के लिए की गई थी हत्या

Image Editor Output Image963855173 17555137907317115054150737859217



रतनपुर: 15 दिनों से लापता मासूम की हत्या का खुलासा, मोबाइल लूटने के लिए की गई थी वारदात

रतनपुर (तिल्दा टाइम्स CG न्यूज)। रतनपुर थाना क्षेत्र के भरारी गांव में 15 दिनों से लापता 13 वर्षीय बालक चिन्मय सूर्यवंशी की हत्या का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पूछताछ में सामने आया कि गांव के ही युवक ने मोबाइल लूटने के इरादे से मासूम की गला दबाकर हत्या कर दी थी। हत्या के बाद शव को गांव के बंद पड़े स्कूल के एक कमरे में छिपा दिया गया था।

बंद कमरे से दुर्गंध आई तो खुला राज

घटना का खुलासा उस समय हुआ जब गांव के लोग बंद पड़े स्कूल भवन से आ रही दुर्गंध से परेशान होकर कमरे का ताला तोड़कर भीतर पहुंचे। कमरे में बालक की क्षत-विक्षत लाश देखकर गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सिम्स भेजा गया।

तकनीकी जांच और पूछताछ से खुला मामला

रतनपुर थाना प्रभारी नरेश कुमार चौहान ने बताया कि 31 जुलाई को भरारी निवासी संजय सूर्यवंशी का पुत्र चिन्मय लापता हो गया था। परिजनों की शिकायत पर अपहरण का मामला दर्ज कर पुलिस ने दो टीमों का गठन कर तलाश शुरू की थी—एक टीम तकनीकी जांच में जुटी थी, जबकि दूसरी गांव में जानकारी इकट्ठा कर रही थी।

आरोपी दोस्त निकला हत्यारा

जांच के दौरान बालक के एक करीबी दोस्त छत्रपाल सूर्यवंशी (19) पर पुलिस को संदेह हुआ। पूछताछ के दौरान वह बार-बार बयान बदल रहा था। सख्ती बरतने पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि उसके परिजनों ने उसका मोबाइल छीन लिया था, जिससे नाराज होकर उसने चिन्मय से मोबाइल छीनने की कोशिश की और विरोध करने पर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी।

मोबाइल जब्त, आरोपी को भेजा गया जेल

पुलिस ने आरोपी युवक के पास से मृत बालक का मोबाइल भी बरामद कर लिया है। न्यायालय के आदेश पर छत्रपाल को जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने यह भी बताया कि आरोपी पर पहले से मारपीट का मामला दर्ज है और पूछताछ में वह पुलिस को गुमराह करने की कोशिश कर रहा था।

वरिष्ठ अधिकारियों ने किया स्थल निरीक्षण

घटना की गंभीरता को देखते हुए एएसपी अर्चना झा और एसडीओपी नुपूर उपाध्याय मौके पर पहुंचे और फोरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल की जांच करवाई। पुलिस का कहना है कि घटना के हर पहलू की जांच जारी है और जल्द ही चार्जशीट तैयार की जाएगी।




रिपोर्ट: तिल्दा टाइम्स CG न्यूज
दिनांक: 18 अगस्त 2025

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *