
गवाही से रोकने हेतु धमकी देने वाले हिस्ट्रीशीटर समेत 6 आरोपी गिरफ्तार
रायपुर, तिल्दा नेवरा:
तिल्दा नेवरा थाना क्षेत्र में एक गम्भीर आपराधिक मामले में गवाही देने जा रहे साक्षी को धमकाने के आरोप में पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कुख्यात हिस्ट्रीशीटर सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी प्रमोद वर्मा निवासी तिल्दा नेवरा ने थाना में शिकायत दर्ज कराई कि वर्ष 2021 के एक दुष्कर्म व हत्या के प्रयास के मामले में वह साक्षी है। आरोपी पक्ष द्वारा उसे न्यायालय में गवाही न देने और समझौते के लिए लगातार दबाव डाला जा रहा था, साथ ही उसके परिवार को धमकाने की भी शिकायत की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए तिल्दा नेवरा थाना में अपराध क्रमांक 358/25 धारा 232(1), 190 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक रमाकांत तिवारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई की गई।
गिरफ्तार आरोपी निम्नलिखित हैं:
1. जयमोहन उर्फ लक्की शर्मा (33), निवासी सासाहोली – कुख्यात हिस्ट्रीशीटर
2. सूरज वर्मा (26), निवासी श्याम नगर तिल्दा
3. रवि उर्फ गप्पू वर्मा (31), निवासी तुलसी नेवरा
4. रजत वर्मा (24), निवासी छतौद
5. अजय राहूजा (23), निवासी सासाहोली
6. दीपक उर्फ बबलू वर्मा (41), निवासी जोता
गौरतलब है कि जयमोहन उर्फ लक्की शर्मा पर पूर्व से ही दर्जनों आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं और वह तिल्दा नेवरा थाना का हिस्ट्रीशीटर है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक रमाकांत तिवारी, उप निरीक्षक पी.आर. साहू, प्रआर जालम साहू, आरक्षक दीपक सेन, संदीप सिंह, किशोर शर्मा और कुलदीपक वर्मा की सराहनीय भूमिका रही।

Anil Kumar Bhatt
Editor in Chief
