बहेसर गांव में बदबू फैलने की शिकायत पर प्रशासन की कार्यवाही, एक गोदाम से कीड़ों के पालन पर हुआ खुलासा

Img 20250810 Wa0096 768x4078601757157259551500 1



बहेसर गांव में बदबू फैलने की शिकायत पर प्रशासन की कार्यवाही गोदाम से कीड़ों के पालन का हुआ खुलासा

तिल्दा नेवरा (छ.ग.)।
ग्राम बहेसर के रहवासी लंबे समय से जिस दुर्गंध की समस्या से जूझ रहे थे, उस पर आखिरकार प्रशासन ने संज्ञान लिया। एसडीएम तिल्दा नेवरा के निर्देश पर शनिवार को रायपुर पर्यावरण विभाग के अधिकारी प्रवीण भारती, तहसीलदार राम प्रसाद बघेल, पटवारी सिन्हा सहित प्रशासनिक टीम ने बहेसर स्थित एक संदिग्ध गोदाम में छापा मारा और स्थिति का जायज़ा लिया।

जांच के दौरान पाया गया कि उक्त गोदाम में अभनपुर से लाए गए छोटे कीड़ों को तेल की खाली डिब्बियों, ब्रेड और रासायनिक लिक्विड पेय पदार्थ के माध्यम से 9 दिनों की प्रक्रिया में बड़ा किया जा रहा है। इस प्रक्रिया के दौरान अत्यधिक बदबू फैलती है, जिससे बहेसर सहित सिरवे, रजिया, बरतोरी और कोनारी गांवों में भी हवा के माध्यम से दुर्गंध पहुंच रही है।

अधिकारियों ने मौके पर बदबू को महसूस किया और माना कि इससे स्थानीय लोगों को गंभीर असुविधा हो रही है। टीम ने आश्वस्त किया कि जांच रिपोर्ट आगामी 2–4 दिनों में उच्च अधिकारियों और शिकायतकर्ताओं को सौंपी जाएगी।

स्थानीय लोगों का विरोध तेज
मौके पर मौजूद जनपद सदस्य नरसिंह वर्मा, पत्रकार बंसी यादव, मंटू यादव, भागी वर्मा, दीपक वर्मा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि वे इस बदबू को किसी भी सूरत में और बर्दाश्त नहीं करेंगे। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि समय पर उचित कार्रवाई नहीं की गई तो वे उग्र आंदोलन करने पर विवश होंगे।

प्रशासन की निगाहें रिपोर्ट पर
अब सबकी निगाहें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिसके आधार पर आगामी कार्रवाई तय की जाएगी। फिलहाल प्रशासन ने गोदाम संचालक के खिलाफ कोई स्पष्ट बयान नहीं दिया है, लेकिन स्थानीय लोगों की नाराजगी को देखते हुए कड़े कदम उठाए जाने की संभावना है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *