
तिल्दा टाईम्स सी. जी.न्यूज संवाददाता अनिल कुमार भट्ट
नेवरा, पुरानी बस्ती –
नेवरा क्षेत्र की पुरानी बस्ती में निवासरत सतनामी समाज, मेहर समाज, कुर्मी समाज, निषाद समाज, धोबी समाज और यादव समाज के लिए एक ऐतिहासिक पहल का शुभारंभ हुआ है। इन समाजों की वर्षों पुरानी मांग को मान्यता देते हुए राजिम सदन क्षेत्र में स्थित खसरा नंबर 1141 की शासकीय भूमि पर सामुदायिक भवन निर्माण के लिए भूमि पूजन विधिवत संपन्न हुआ।

अब तक उपरोक्त समाजों को स्थायी सामुदायिक भवन की सुविधा उपलब्ध नहीं थी। इसके कारण विवाह, बैठकें, शोकसभा, प्रशिक्षण, त्योहार जैसे सामाजिक आयोजनों के लिए उन्हें बार-बार असुविधा का सामना करना पड़ता था। समाजों की इस सामूहिक पीड़ा और आवश्यकता को देखते हुए, स्थानीय स्तर पर लगातार प्रयास किए गए और प्रशासन से अनुरोध किया गया कि खसरा नंबर 1141 की भूमि को सामाजिक उपयोग के लिए सुरक्षित किया जाए।

प्रशासन द्वारा इस मांग को गंभीरता से लेते हुए अब भूमि पूजन के साथ भवन निर्माण की दिशा में ठोस पहल की गई है।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि रानी सौरभ जैन ने भूमि पूजन किया और अपने उद्बोधन में कहा:
“यह भवन सभी समाजों के बीच एकता, सहयोग और सामूहिक प्रगति का प्रतीक बनेगा। समाज को संगठित करना और एक मंच देना समय की आवश्यकता है, और यह भवन उसी दिशा में एक मजबूत कदम है।”

उन्होंने आगे कहा कि जब समाज एकजुट होता है, तब न केवल उसकी आवाज़ बुलंद होती है, बल्कि सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक चेतना को भी मजबूती मिलती है।

स्थानीय जनप्रतिनिधियों और समाज प्रमुखों ने इस अवसर पर कहा कि यह भवन भविष्य में न केवल सामाजिक आयोजनों के लिए एक केंद्र बनेगा, बल्कि सभी समाजों के बीच सहयोग, एकजुटता और सौहार्द को भी बढ़ावा देगा।
इस कार्य में समाज के वरिष्ठजन ,स्थानीय जनप्रतिनिधि, युवा वर्ग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। जिसमें लोगों ने भाग लेकर इस ऐतिहासिक क्षण को साझा किया।
समाज के लोगों ने बताया कि सामुदायिक भवन के अभाव में उन्हें विवाह, धार्मिक अनुष्ठान, सामाजिक सभाएं और सांस्कृतिक कार्यक्रम खुले मैदानों या अस्थायी स्थानों में करने पड़ते हैं, जिससे न केवल असुविधा होती है बल्कि समाज के बच्चों और युवाओं के लिए एक स्थायी मंच भी उपलब्ध नहीं हो पाता।
इस कदम से न केवल सामाजिक कार्यक्रमों को सुचारू रूप मिलेगा, बल्कि समाज के संगठन और समरसता को भी मजबूती मिलेगी।


सभी जिलों एवम ब्लाकों में रिपोर्टर की आवश्यकता है संपर्क करें ;9630531984/7987769050
विज्ञापन हेतु संपर्क करें 9630531984/7987769050

Anil Kumar Bhatt
Editor in Chief
