बिलासपुर में एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता, अफवाहों से बचे:कलेक्टर संजय अग्रवाल

265994 768x5766497678920595125743 1

बिलासपुर में एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता, अफवाहों से बचें: कलेक्टर संजय अग्रवाल


बिलासपुर। अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और ईरान से जुड़े युद्ध संबंधी खबरों के बीच देशभर में एलपीजी आपूर्ति को लेकर आशंकाएं जताई जा रही हैं। इन अफवाहों के बीच बिलासपुर जिला प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि जिले में घरेलू एलपीजी गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और नागरिकों को किसी प्रकार की घबराहट में आकर सिलेंडर जमा करने की आवश्यकता नहीं है।


कलेक्टर संजय अग्रवाल ने खाद्य विभाग के अधिकारियों और जिले के गैस वितरकों की बैठक लेकर एलपीजी आपूर्ति व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट किया कि घरेलू उपभोक्ताओं को नियमित रूप से गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं और प्रशासन पूरी आपूर्ति व्यवस्था पर लगातार निगरानी बनाए हुए है।


व्यावसायिक उपयोग के सिलेंडरों की आपूर्ति फिलहाल बंद
कलेक्टर ने बताया कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए फिलहाल होटल, ढाबों और उद्योगों में व्यावसायिक उपयोग के लिए दिए जाने वाले गैस सिलेंडरों की आपूर्ति अस्थायी रूप से रोक दी गई है। हालांकि अस्पतालों और स्कूलों जैसी आवश्यक सेवाओं को उनकी वास्तविक जरूरत के अनुसार गैस उपलब्ध कराई जा रही है ताकि किसी प्रकार की परेशानी न हो।


एजेंसियों को सख्त निर्देश
बैठक के दौरान गैस एजेंसी संचालकों को सख्त निर्देश दिए गए कि घरेलू एलपीजी सिलेंडरों का किसी भी प्रकार से व्यावसायिक उपयोग न होने दिया जाए। वितरण व्यवस्था की निगरानी एजेंसी संचालक स्वयं करें और केवल कर्मचारियों के भरोसे व्यवस्था न छोड़ें।


साथ ही कलेक्टर ने अनधिकृत व्यक्तियों को सिलेंडर देने, जमाखोरी करने या ब्लैक मार्केटिंग जैसी गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि ऐसी शिकायत मिलने पर संबंधित एजेंसी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


जिले में 4.80 लाख गैस कनेक्शन
खाद्य विभाग के अनुसार जिले में घरेलू गैस के लगभग 4.80 लाख कनेक्शन हैं। इन उपभोक्ताओं को तीन प्रमुख ऑयल कंपनियों के 38 गैस वितरकों के माध्यम से गैस की आपूर्ति की जाती है। इनमें से 22 वितरक केवल बिलासपुर शहर में संचालित हैं।


वर्तमान में जिले में प्रतिदिन करीब 5 हजार गैस सिलेंडरों की डिलीवरी की जा रही है और पिछले 10 दिनों से इसी दर से आपूर्ति लगातार जारी है। इससे जिले में गैस की उपलब्धता पर्याप्त बनी हुई है।


बुकिंग अवधि 21 से बढ़ाकर 25 दिन
बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि गैस सिलेंडर की बुकिंग अवधि को 21 दिन से बढ़ाकर 25 दिन कर दिया गया है, ताकि आपूर्ति और वितरण व्यवस्था को बेहतर तरीके से संतुलित किया जा सके।


इस दौरान गैस वितरकों ने शहर में लागू नो-एंट्री प्रतिबंध के कारण सिलेंडर वितरण में आ रही दिक्कतों का मुद्दा उठाया और राहत देने की मांग की। इस पर कलेक्टर ने सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया।


अफवाहों से दूर रहने की अपील
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने जिलेवासियों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और पैनिक में आकर गैस सिलेंडरों का अनावश्यक भंडारण न करें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिले में गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।


बैठक में खाद्य नियंत्रक अमृत कुजूर, एएफओ राजीव लोचन तिवारी, कंपनी के नोडल अधिकारी हेम प्रकाश साहू, गैस वितरक संघ के जिला अध्यक्ष सुभाष जायसवाल सहित जिले के सभी गैस वितरक मौजूद रहे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *