
कोरबा में 16 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध मौत, कमरे में फांसी के फंदे पर मिली लाश; पुलिस जांच जारी
कोरबा। जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां 16 वर्षीय छात्रा की फांसी के फंदे पर लटकती लाश मिलने से इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है। घटना के बाद पुलिस ने मौके से एक सुसाइड नोट और मृतिका का मोबाइल फोन बरामद कर जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतिका शहर के सेंट जेवियर स्कूल की कक्षा 11वीं की छात्रा थी। वह मूल रूप से अमरपुर कटघोरा की रहने वाली बताई जा रही है और वर्तमान में अपनी मां के साथ पुलिस लाइन क्षेत्र स्थित अपने मामा के घर में रह रही थी। मृतिका के मामा बांकीमोंगरा थाना में पदस्थ आरक्षक बताए जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। कमरे का दरवाजा खुलवाकर छात्रा के शव को नीचे उतारा गया और पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
सुसाइड नोट और मोबाइल मिला
प्रारंभिक जांच के दौरान पुलिस को छात्रा के कमरे से एक सुसाइड नोट मिला है। हालांकि नोट में क्या लिखा है, इसका खुलासा पुलिस ने फिलहाल नहीं किया है। जांच प्रभावित न हो, इसलिए इसकी सामग्री गोपनीय रखी गई है।
पुलिस ने मृतिका का मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
जानकारी के मुताबिक घटना के समय छात्रा के कान में हेडफोन लगा हुआ था। अब पुलिस कॉल डिटेल, चैट हिस्ट्री और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की बारीकी से जांच कर रही है, ताकि घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा सके।
परिजन सदमे में, बयान दर्ज
घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
पुलिस का बयान
कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की गई। सुसाइड नोट सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। फिलहाल मर्ग कायम कर सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच जारी है।
(नोट: यदि आप या आपका कोई परिचित भावनात्मक संकट से गुजर रहा है, तो भरोसेमंद लोगों से बात करना और पेशेवर मदद लेना बेहद महत्वपूर्ण होता है।)

Anil Kumar Bhatt
Editor in Chief
