
सुहेला–हथबंद क्षेत्र में महिलाओं को निशाना बनाने वाला लुटेरा गिरफ्तार, 4 वारदातों का खुलासा
सुहेला/हथबंद (तिल्दा टाइम्स CG न्यूज)। सुहेला और हथबंद क्षेत्र में महिलाओं को लिफ्ट देने के बहाने लूट की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक शातिर आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी लंबे समय से सुनसान रास्तों पर अकेली महिलाओं को निशाना बना रहा था और डराकर उनके जेवर व नगदी लूटकर फरार हो जाता था। पुलिस की सतर्कता और तकनीकी जांच के बाद आखिरकार आरोपी को दबोच लिया गया।


आरोपी की पहचान
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनोज जोशी (41 वर्ष) निवासी ग्राम कुकराचुंदा, थाना हथबंद के रूप में हुई है। वह वर्तमान में सेक्टर 6 ए मार्केट, सड़क नंबर 46, भिलाई नगर (थाना सुपेला, जिला दुर्ग) में अस्थायी रूप से रह रहा था।
4 लूट की घटनाओं का खुलासा
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने सुहेला और हथबंद क्षेत्र में महिलाओं को निशाना बनाते हुए कुल 04 लूट की घटनाओं को अंजाम दिया था।
इनमें
थाना सुहेला क्षेत्र में 01 घटना
थाना हथबंद क्षेत्र में 03 घटनाएं शामिल हैं।

आरोपी सुनसान सड़कों पर अकेली महिलाओं को देखकर उन्हें लिफ्ट देने का झांसा देता था। बाइक पर बैठाने के बाद वह उन्हें निर्जन स्थानों पर ले जाता और डराकर सोने-चांदी के जेवर तथा नगदी लूटकर फरार हो जाता था। लगातार हो रही इन वारदातों से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया था।
सैकड़ों CCTV फुटेज खंगालकर पहुंची पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एक विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की। टीम ने सिमगा, हथबंद और सुहेला मार्ग पर लगे सैकड़ों CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले।
तकनीकी विश्लेषण और संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर पुलिस को आरोपी तक पहुंचने में सफलता मिली और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
दुर्ग जिले में भी दर्ज हैं कई अपराध
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड पहले से मौजूद है। उसके खिलाफ जिला दुर्ग में चोरी के 05 मामले पहले से दर्ज हैं। वहीं लूट की घटनाओं में इस्तेमाल की जा रही बाइक भी चोरी की पाई गई।
लाखों की मशरूका बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बड़ी मात्रा में सामान बरामद किया है। इसमें—
करीब ₹1,50,000 कीमत के सोने-चांदी के जेवर
₹78,000 नगद
घटना में प्रयुक्त बाइक
03 मोबाइल फोन
लोगों को डराने-धमकाने के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला पेंचिस
जब्त किया गया है। कुल मिलाकर करीब ₹3,00,000 कीमत का मशरूका पुलिस ने बरामद किया है।
पुलिस की अपील
पुलिस ने आम नागरिकों, विशेष रूप से महिलाओं से अपील की है कि अनजान व्यक्तियों से लिफ्ट लेने से बचें और यदि कहीं कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत नजदीकी थाना या डायल 112 पर सूचना दें।
पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में सक्रिय एक सिलसिलेवार लुटेरे के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। आरोपी की गिरफ्तारी से सुहेला और हथबंद क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है।

Anil Kumar Bhatt
Editor in Chief
