
सशक्त समाज निर्माण में शिक्षा और संगठन की भूमिका अहम : मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय
रायपुर, 22 फरवरी 2026। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज बलौदा बाजार जिले के ग्राम चांपा में आयोजित छत्तीसगढ़ मनवा कुर्मी क्षत्रिय समाज के दो दिवसीय 80वें महाअधिवेशन में शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने समाज की एकता, शिक्षा और संगठन को सशक्त समाज निर्माण का मूल आधार बताते हुए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता सेनानी एवं समाज सुधारक डॉ. खूबचंद बघेल की पुण्य तिथि पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद समाज की विभूतियों को पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया गया। मुख्यमंत्री का समाज के पदाधिकारियों द्वारा गजमाला पहनाकर भव्य स्वागत किया गया।
समाज की प्रगति में कुर्मी समाज का अहम योगदान
मुख्यमंत्री श्री साय ने मनवा कुर्मी समाज को परिश्रमी, संगठित और उन्नत कृषक परंपरा वाला समाज बताते हुए कहा कि राज्य की प्रगति में इस समाज का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है। उन्होंने 80वें महाअधिवेशन की बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में मेल-मिलाप, समन्वय और सकारात्मक निर्णयों को बढ़ावा देते हैं, जिसका लाभ पूरे प्रदेश और देश को मिलता है।
उन्होंने कहा कि राजस्व एवं उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा के गृह ग्राम चांपा में आयोजित इस कार्यक्रम में शामिल होना उनके लिए सौभाग्य की बात है।
शिक्षा है सशक्त समाज की सबसे मजबूत नींव
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा सशक्त समाज निर्माण का सबसे मजबूत आधार है। उन्होंने समाज द्वारा बेटा-बेटी दोनों को शिक्षा से जोड़ने के प्रयासों की सराहना की और कहा कि शिक्षित समाज ही आत्मनिर्भर एवं प्रगतिशील समाज बन सकता है।

उन्होंने महिला स्वरोजगार को बढ़ावा देने, युवाओं में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता और सामाजिक सुधार के प्रयासों को भी सराहनीय बताया।
सरकार की प्रमुख उपलब्धियां गिनाईं
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी को पूरा करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। उन्होंने बताया:
प्रदेश में 18 लाख प्रधानमंत्री आवास पूर्ण किए गए हैं।
इस वर्ष समर्थन मूल्य पर 25 लाख 24 हजार किसानों से 141 लाख मीट्रिक टन से अधिक धान खरीदा गया।
होली से पूर्व किसानों को लगभग 10 हजार करोड़ रुपये की अंतर राशि प्रदान की जाएगी।
महतारी वंदन योजना के तहत 70 लाख महिलाओं को अब तक 15 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि दी जा चुकी है।
बस्तर में बदल रही विकास की तस्वीर
मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर क्षेत्र में अब विकास की नई तस्वीर दिखाई दे रही है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री के संकल्प के अनुरूप मार्च 2026 तक नक्सलवाद के समूल उन्मूलन की दिशा में सरकार दृढ़ता से काम कर रही है।
उन्होंने जानकारी दी कि नियद नेल्लार योजना के माध्यम से लगभग 400 गांवों में विकास कार्यों को गति दी गई है।
सामुदायिक भवनों के लिए बड़ी घोषणाएं
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए:
ग्राम नरदहा में सामुदायिक भवन निर्माण हेतु 50 लाख रुपये,
बलौदा बाजार में सामुदायिक भवन के लिए 25 लाख रुपये
की राशि प्रदान करने की घोषणा की।
मंत्री टंकराम वर्मा ने की नेतृत्व की सराहना
इस अवसर पर राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य में पिछले दो वर्षों में उल्लेखनीय विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि किसानों, महिलाओं और युवाओं के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं प्रभावी रूप से लागू की गई हैं।
अधिवेशन में समाज के केंद्रीय अध्यक्ष श्री खोड़स राम वर्मा ने समाज द्वारा लिए गए सामाजिक सुधार संबंधी महत्वपूर्ण निर्णयों की जानकारी दी।
बड़ी संख्या में लोग रहे उपस्थित
कार्यक्रम में रोहित साहू सहित समाज के पदाधिकारी, महिलाएं, युवा और बड़ी संख्या में स्वजातीय बंधु उपस्थित रहे। महाअधिवेशन उत्साह और सामाजिक एकजुटता के माहौल में संपन्न हुआ।

Anil Kumar Bhatt
Editor in Chief
