कोरबा: SECL मानिकपुर खदान में दर्दनाक हादसा, 170 फीट ऊंचाई से नीचे गिरने पर युवक की मौत

Img 20260205 Wa00476520800526822570991


कोरबा: एसईसीएल मानिकपुर खदान में 170 फीट नीचे गिरने से एक

व्यक्ति की मौत, कोयला चोरी के दौरान हुआ हादसा


कोरबा | संवाददाता
कोरबा जिले के मानिकपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत एसईसीएल मानिकपुर कोयला खदान में एक दर्दनाक हादसे में 42 वर्षीय युवक की मौत हो गई

मृतक की पहचान कुदारी गांव निवासी भगत कुमार मरावी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह बुधवार दोपहर कोयला चोरी के उद्देश्य से खदान में गया था, इसी दौरान असंतुलित होकर लगभग 170 फीट गहराई में सिर के बल गिर गया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।


घर नहीं लौटने पर परिजनों को हुई चिंता
घटना के बाद जब भगत कुमार देर शाम तक घर नहीं लौटा, तो परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की। पूरी रात खोजबीन के बाद गुरुवार सुबह ग्रामीणों को खदान के भीतर उसका शव पड़ा हुआ मिला। इसके बाद तत्काल मानिकपुर चौकी पुलिस को सूचना दी गई।


पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद निकाला शव
सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। खदान की अत्यधिक गहराई और दुर्गम परिस्थितियों के कारण शव निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। बाद में शव को बाहर निकालकर एंबुलेंस के माध्यम से जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल, कोरबा भेजा गया, जहां पोस्टमार्टम की कार्रवाई की गई।


दिव्यांग था मृतक, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक भगत कुमार मरावी एक पैर से दिव्यांग था और उसे मिर्गी की बीमारी भी थी। वह अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। उसके परिवार में पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं, जबकि माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है। इस हादसे के बाद पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।


कोयला चोरी बना गंभीर समस्या
एसईसीएल मानिकपुर खदान से सटे रापाखरा, कुदरी, ढेलवाडीह, दादरमानिकपुर, भिलाई खुर्द, सीतामणी और इमलीडुग्गू सहित कई गांव और शहरी बस्तियां स्थित हैं। इन इलाकों से बड़े पैमाने पर अवैध रूप से कोयले की चोरी की जाती है। चोरी किया गया कोयला आसपास के छोटे होटलों, ढाबों और बस्तियों में बेचा जाता है।


स्थानीय लोगों का कहना है कि खदान की पर्याप्त घेराबंदी और निगरानी के अभाव में इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।


पुलिस ने शुरू की जांच
इस संबंध में कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि घटना की जानकारी प्राप्त हुई है। परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


सवालों के घेरे में सुरक्षा व्यवस्था
इस घटना ने एक बार फिर एसईसीएल खदानों की सुरक्षा व्यवस्था और अवैध कोयला चोरी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों की मांग है कि खदान क्षेत्र में कड़ी निगरानी, पुख्ता सुरक्षा इंतजाम और गरीब परिवारों के लिए वैकल्पिक रोजगार की व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं को रोका जा सके।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *