DMF घोटाले की जांच की मांग तेज ,वित्तीय वर्ष 2024-25 में 40% रिश्वत तक के आरोप,जिला पंचायत सामान्य सभा में भ्रष्टाचार के मामलों की बाढ़

Img 20260112 Wa00062760526826710295724 1024x683


**DMF घोटाले की जांच की मांग तेज
वित्तीय वर्ष 2024-25 में 40% रिश्वत तक के आरोप,
जिला पंचायत सामान्य सभा में भ्रष्टाचार के मामलों की बाढ़**


रायपुर | बेमेतरा/नवागढ़ | विशेष रिपोर्ट
जिला पंचायत की सामान्य सभा की बैठक इस बार विकास योजनाओं की समीक्षा के बजाय भ्रष्टाचार, अनियमितताओं और कमीशनखोरी के गंभीर आरोपों की वजह से चर्चा का केंद्र बन गई। बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों ने DMF (डिस्ट्रिक्ट मिनरल फाउंडेशन) एवं अन्य मदों से हुई करोड़ों रुपये की खरीदी पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि सरकारी योजनाएं अब जनता की सेवा के बजाय अधिकारियों और ठेकेदारों की कमाई की मशीन बन चुकी हैं।


सामान्य सभा में स्ट्रीट लाईट, पानी टैंकर, टैंकर क्रय और स्वामी आत्मानंद स्कूलों में GYM सामग्री खरीदी जैसे मामलों पर जमकर बहस हुई। सदस्यों ने एक के बाद एक अनियमितताओं का मुद्दा उठाते हुए उच्चस्तरीय और स्वतंत्र जांच की मांग की।


स्ट्रीट लाईट घोटाला: भुगतान हुआ, लाईट गायब
बैठक में नगर पंचायत मारो, पड़पोड़ी और जनपद क्षेत्रों में स्ट्रीट लाईट स्थापना में भारी अनियमितताओं का आरोप लगाया गया। जनप्रतिनिधियों के अनुसार—
घटिया और गैर-मानक गुणवत्ता की लाईट लगाई गई
तकनीकी मानकों की खुलेआम अनदेखी की गई
बाजार दर से कई गुना अधिक कीमत पर खरीदी की गई
जिन वार्डों में लाईट लगी ही नहीं, वहां भी पूरा भुगतान कर दिया गया
सदस्यों ने सवाल उठाया कि जब ज़मीनी स्तर पर काम दिखाई नहीं देता, तो भुगतान किस आधार पर हुआ?
नवागढ़ और साजा में टैंकर क्रय घोटाला
नवागढ़ और साजा क्षेत्र में पानी टैंकर खरीदी को लेकर भी गंभीर आरोप सामने आए। जनप्रतिनिधियों ने बताया कि—
आवश्यकता से कहीं अधिक कीमत पर टैंकर खरीदे गए
खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता नहीं बरती गई
टैंकरों की तकनीकी गुणवत्ता संदेहास्पद है
कई टैंकर या तो उपयोग में नहीं हैं या केवल कागजों में ही चल रहे हैं
चौंकाने वाली बात यह है कि पूर्व में पंद्रहवें वित्त आयोग की राशि से टैंकर खरीदे जा चुके थे, इसके बावजूद दोबारा खरीदी की आवश्यकता क्यों पड़ी, इसका कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया। साथ ही ठेकेदार चयन में अपने चहेतों को लाभ पहुंचाने के आरोप भी लगे।


स्वामी आत्मानंद स्कूल में GYM सामग्री खरीदी पर सवाल
शिक्षा के नाम पर की गई कथित अनियमितताओं ने भी बैठक में खासा हंगामा मचाया। स्वामी आत्मानंद विद्यालयों में GYM सामग्री खरीदी को लेकर आरोप है कि—
आवश्यकता से कहीं अधिक कीमत पर सामग्री खरीदी गई
गुणवत्ता बेहद घटिया है
कई उपकरण उपयोग के योग्य नहीं हैं
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि बच्चों की शिक्षा और सुविधाओं के नाम पर दिखावटी योजनाओं में भारी भ्रष्टाचार किया गया है।


नगर पंचायत पड़पोड़ी में LED लाईट घोटाला
नगर पंचायत पड़पोड़ी में LED लाईट खरीदी और स्थापना को लेकर भी गंभीर सवाल उठे। आरोपों के अनुसार—
कम गुणवत्ता की LED लाईट लगाई गई
वारंटी और मेंटेनेंस की शर्तों का पालन नहीं किया गया
भुगतान पहले कर दिया गया और कार्य बाद में या अधूरा छोड़ा गया
जनप्रतिनिधियों का आरोप: योजनाएं बनीं ‘कमाई की मशीन’
सामान्य सभा में सदस्यों ने एक स्वर में कहा कि चाहे स्ट्रीट लाईट हो, टैंकर हो या GYM सामग्री, हर योजना में एक ही पैटर्न दिखाई दे रहा है— महंगी खरीदी, घटिया सामान और केवल कागजी कार्यवाही।


सदस्यों का कहना था कि यह स्थिति प्रशासनिक नियंत्रण और निगरानी प्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगाती है।
नए कलेक्टर और जिला पंचायत CEO ने जताई अनभिज्ञता
बैठक के दौरान जब अधिकारियों से जवाब मांगा गया, तो नए कलेक्टर और जिला पंचायत CEO ने इन मामलों से अनभिज्ञता जताई। इस पर जनप्रतिनिधियों ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि यह जवाब असंतोषजनक और गैर-जिम्मेदाराना है।


सूत्रों के अनुसार, ये कथित घोटाले DMF राशि से जुड़े हैं, जो तत्कालीन ADM रहते हुए SDM पद पर पदस्थ प्रकाश भारद्वाज और पूर्व जिला पंचायत CEO टेकचंद अग्रवाल के कार्यकाल के दौरान हुए बताए जा रहे हैं। आरोप है कि खरीदी प्रक्रियाओं में 40% तक कमीशन लिया गया।


जांच की मांग तेज, कार्रवाई तय मानी जा रही
बैठक के अंत में यह स्पष्ट हो गया कि इन खरीदी मामलों पर स्वतंत्र जांच एजेंसी से जांच कराने का दबाव लगातार बढ़ रहा है। यदि लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं, तो आने वाले दिनों में कई अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और ठेकेदारों पर कड़ी कार्रवाई तय मानी जा रही है।


जिला पंचायत की सामान्य सभा ने यह संकेत दे दिया है कि अब इन मामलों को दबाया नहीं जा सकेगा और भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज और तेज होगी

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *