
विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में उद्यमियों की भूमिका अहम: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
कॉस्मो ट्रेड एंड बिल्ड फेयर एक्सपो 2026 के शुभारंभ अवसर पर मुख्यमंत्री का संबोधन
रायपुर,
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में उद्यमियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। वे राजधानी रायपुर में रोटरी क्लब ऑफ कॉस्मोपॉलिटन रायपुर द्वारा आयोजित कॉस्मो ट्रेड एंड बिल्ड फेयर एक्सपो 2026 के शुभारंभ समारोह को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उद्योग, व्यापार और निवेश को बढ़ावा देने के लिए निरंतर सकारात्मक कदम उठा रही है, जिससे प्रदेश आर्थिक रूप से सशक्त बन सके।

मुख्यमंत्री श्री साय ने अपने संबोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। व्यापार जगत को मजबूती देने और आम उपभोक्ताओं को सीधा लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से जीएसटी दरों में कटौती की गई है। जीएसटी सुधारों के चलते कई वस्तुओं की कीमतों में कमी आई है और इसकी प्रक्रिया को भी पहले की तुलना में कहीं अधिक सरल और सुगम बनाया गया है।
नई उद्योग नीति को देश-विदेश में मिल रही सराहना
मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ की नई उद्योग नीति को देश ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सराहा जा रहा है। अब तक प्रदेश को लगभग 8 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं। ये निवेश प्रस्ताव हर सेक्टर से जुड़े हुए हैं और इनमें से कई परियोजनाओं पर जमीनी स्तर पर काम भी शुरू हो चुका है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का मुख्य फोकस रोजगार सृजन पर है। इसी उद्देश्य से नई उद्योग नीति में ऐसे उद्यमियों के लिए विशेष इंसेंटिव का प्रावधान किया गया है, जो एक हजार से अधिक लोगों को रोजगार उपलब्ध कराते हैं। इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे और पलायन पर भी रोक लगेगी।
रोटरी क्लब और उद्यमियों की भूमिका की सराहना
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में रोटरी क्लब और उद्यमियों की भूमिका भी बेहद अहम है। रोटरी क्लब न केवल उद्यमिता को बढ़ावा देता है, बल्कि समाजसेवा और परोपकार के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य कर रहा है। क्लब द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्य अत्यंत सराहनीय हैं।
उन्होंने इस अवसर पर कहा कि यह गर्व की बात है कि कॉस्मो ट्रेड एंड बिल्ड फेयर एक्सपो मध्य भारत का सबसे बड़ा एक्सपो है, जिसमें 300 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं। इस प्रकार के विशाल आयोजनों से न केवल व्यापार और उद्योग को बढ़ावा मिलता है, बल्कि छत्तीसगढ़ की आर्थिक गतिविधियों को भी मजबूती मिलती है।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने की सरकार की प्रशंसा
कार्यक्रम में उपस्थित रायपुर सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ तेज़ी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश को लगभग 8 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिलना राज्य की उद्योग नीति और शासन की विश्वसनीयता का प्रमाण है।
सांसद अग्रवाल ने रोटरी क्लब ऑफ कॉस्मोपॉलिटन रायपुर की सराहना करते हुए कहा कि यह एक्सपो का 16वां वर्ष है, जो संस्था की निरंतरता और सेवा भावना को दर्शाता है।
उन्होंने पोलियो उन्मूलन सहित रोटरी क्लब द्वारा किए गए सामाजिक कार्यों की भी विशेष प्रशंसा की।
मोबाइल आई क्लीनिक एम्बुलेंस का लोकार्पण, महिला उद्यमियों का सम्मान
मुख्यमंत्री श्री साय ने कार्यक्रम के दौरान मोबाइल आई क्लीनिक की एम्बुलेंस का लोकार्पण किया, जिससे दूरदराज के क्षेत्रों में नेत्र चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी। इसके साथ ही उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली 25 महिला उद्यमियों को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने महिला उद्यमियों पर केंद्रित एक विशेष पुस्तक का भी विमोचन किया और कहा कि महिलाएं आज हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रही हैं तथा प्रदेश के आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
कार्यक्रम में गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति
इस अवसर पर पूर्व प्रधान मुख्य वन संरक्षक श्री राकेश चतुर्वेदी, श्री राम गर्ग सहित रोटरी क्लब ऑफ कॉस्मोपॉलिटन रायपुर के सदस्यगण, उद्यमी, व्यापारी एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।

Anil Kumar Bhatt
Editor in Chief
