
तिल्दा-नेवरा | विशेष समाचार
स्वामी विवेकानंद की 164वीं जयंती पर सरस्वती शिशु मंदिर तिल्दा में भव्य कार्यक्रम, स्वदेशी संकल्प दौड़ का हुआ आयोजन
तिल्दा-नेवरा।
12 जनवरी 2026 को स्वामी विवेकानंद जी की 164वीं जयंती एवं राष्ट्रीय युवा दिवस के पावन अवसर पर सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, तिल्दा में भव्य एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, आचार्य-दीदी, अभिभावक एवं नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्वामी विवेकानंद जी के छायाचित्र पर दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। दीप प्रज्ज्वलन मुख्य अतिथि श्रीमती रानी सौरभ जैन (पार्षद, वार्ड क्रमांक 21, तिल्दा), मुख्य वक्ता श्री गोपाल प्रसाद वर्मा (नगर संघचालक, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, तिल्दा-नेवरा), विशिष्ट अतिथि श्री सौरभ जैन (उपाध्यक्ष, भाजपा तिल्दा शहर), विद्यालय समिति के कोषाध्यक्ष श्री दिलीप वर्मा तथा विद्यालय के प्राचार्य श्री श्रवण कुमार साहू द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।

युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है स्वामी विवेकानंद का जीवन : गोपाल प्रसाद शर्मा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता श्री गोपाल प्रसाद वर्मा ने कहा कि स्वामी विवेकानंद जी का संपूर्ण जीवन आज की युवा पीढ़ी के लिए एक महान प्रेरणास्रोत है। उन्होंने युवाओं से स्वामी जी के प्रसिद्ध संदेश “उठो, जागो और लक्ष्य प्राप्ति तक मत रुको” को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आत्मविश्वास, चरित्र निर्माण एवं राष्ट्रसेवा की भावना ही सशक्त भारत की नींव है।
युवाओं को आदर्शों पर चलने का आह्वान
मुख्य अतिथि श्रीमती रानी सौरभ जैन ने अपने उद्बोधन में कहा कि युवाओं को स्वामी विवेकानंद जी के आदर्शों से प्रेरणा लेकर उनके बताए मार्ग पर चलना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज का युवा यदि सही दिशा में आगे बढ़े तो भारत विश्व गुरु बनने की क्षमता रखता है।
वहीं विशिष्ट अतिथि श्री सौरभ जैन ने कहा कि स्वामी विवेकानंद जयंती को राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाया जाना युवाओं को राष्ट्र, समाज एवं देशहित में कार्य करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने स्वदेशी, स्व-व्यवसाय, स्व-उद्योग तथा स्वावलंबन की भावना को अपनाने पर विशेष बल दिया।
विद्यालय समिति के कोषाध्यक्ष श्री दिलीप वर्मा ने विद्यार्थियों को स्वामी विवेकानंद जयंती एवं राष्ट्रीय युवा दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि विद्यार्थी जीवन में अनुशासन, परिश्रम और संस्कारों का विशेष महत्व है।
“स्वदेशी संकल्प दौड़” का आयोजन
कार्यक्रम के पश्चात विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं आचार्य दीदियों द्वारा “स्वदेशी संकल्प दौड़” का आयोजन किया गया। यह दौड़ विद्यालय प्रांगण से प्रारंभ होकर तिल्दा बस्ती के मौली मंदिर, मिशन कॉलोनी होते हुए पुनः विद्यालय प्रांगण में संपन्न हुई। दौड़ का मुख्य उद्देश्य स्वदेशी उत्पादों के उपयोग, स्वदेशी उद्यमिता को बढ़ावा देना तथा आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुँचाना रहा। दौड़ के दौरान विद्यार्थियों में उत्साह और राष्ट्रभक्ति की भावना स्पष्ट रूप से देखने को मिली।
बच्चों को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्राचार्य श्री श्रवण कुमार साहू ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं आयोजन से जुड़े सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्रीमती रानी सौरभ जैन द्वारा 10 जनवरी को आयोजित हिंदू सम्मेलन में सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लेने वाले बच्चों को पारितोषिक प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
समग्र रूप से यह कार्यक्रम स्वामी विवेकानंद जी के विचारों, युवाओं में राष्ट्रप्रेम, स्वदेशी भावना एवं आत्मनिर्भरता के संदेश को सशक्त रूप से प्रसारित करने वाला रहा।

Anil Kumar Bhatt
Editor in Chief
