
पत्नी के साथ मारपीट करने वाला पति गिरफ्तार, लकड़ी का बत्ता जप्त
थाना तिल्दा नेवरा पुलिस की कार्रवाई
तिल्दा नेवरा | रायपुर (छ.ग.)
थाना तिल्दा नेवरा क्षेत्र अंतर्गत पत्नी के साथ मारपीट करने वाले आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लकड़ी का बत्ता भी जप्त किया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार अपराध क्रमांक 574/2025 धारा 296, 115(2), 351(2), 118(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है। घटना दिनांक 26 दिसंबर 2025 की है।
प्रकरण में प्रार्थी दुकलहा निषाद निवासी द्वारा थाना तिल्दा नेवरा में रिपोर्ट दर्ज कराई गई, जिसमें बताया गया कि उसकी बेटी का विवाह सामाजिक रीति-रिवाज से पंकज कुमार निषाद पिता चम्मन लाल निषाद, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम पेण्ड्री, थाना सुहेला, जिला बलौदाबाजार-भाटापारा के साथ हुआ है।

प्रार्थी ने रिपोर्ट में आरोप लगाया कि दामाद पंकज निषाद शराब पीने का आदी है और आए दिन विवाद करता रहता है। दिनांक 26.12.2025 को आरोपी ने चरित्र शंका करते हुए उसकी बेटी के साथ गाली-गलौज की तथा जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्कों एवं लकड़ी के बत्ता से मारपीट की, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद पीड़िता को उपचार हेतु सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना तिल्दा नेवरा पुलिस द्वारा तत्परता दिखाते हुए अपराध पंजीबद्ध किया गया। आरोपी की पतासाजी कर उसे गिरफ्तार किया गया तथा उसके कब्जे से मारपीट में प्रयुक्त लकड़ी का बत्ता जप्त किया गया।
गिरफ्तार आरोपी को विधिवत कार्रवाई उपरांत माननीय न्यायालय के समक्ष न्यायिक रिमांड पर पेश किया गया है। मामले की विवेचना पुलिस द्वारा की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घरेलू हिंसा जैसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी और पीड़ितों को न्याय दिलाने हेतु सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Anil Kumar Bhatt
Editor in Chief
