

थाना तिल्दा नेवरा पुलिस की बड़ी कार्यवाही
शांति भंग करने वाले दो असामाजिक तत्व जेल भेजे गए
तिल्दा नेवरा, जिला रायपुर | दिनांक: 26 दिसंबर 2025
क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से थाना तिल्दा नेवरा पुलिस द्वारा लगातार प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में परिशांति भंग कर उपद्रव फैलाने वाले दो असामाजिक तत्वों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेजा गया है।
वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा-निर्देशों के पालन में थाना प्रभारी तिल्दा नेवरा निरीक्षक रमाकांत तिवारी के नेतृत्व में विशेष पेट्रोलिंग टीम का गठन किया गया है, जो लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर असामाजिक तत्वों, निगरानी बदमाशों एवं अड्डेबाजों पर कड़ी नजर रख रही है। पुलिस का उद्देश्य किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधियों को प्रारंभ होने से पहले ही रोकना है।
पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि कुछ असामाजिक तत्व जबरन उत्पात मचाकर क्षेत्र की शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास कर रहे हैं। सूचना के आधार पर त्वरित कार्यवाही करते हुए पुलिस टीम ने संबंधित व्यक्तियों को मौके से हिरासत में लिया। जांच में प्रथम दृष्टया उनके द्वारा शांति भंग करने एवं संज्ञेय अपराध घटित करने की आशंका पाए जाने पर उन्हें धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार किए गए दोनों असामाजिक तत्वों को विधिवत एसडीएम न्यायालय तिल्दा नेवरा में प्रस्तुत किया गया, जहां माननीय अनुविभागीय दंडाधिकारी द्वारा मामले की गंभीरता को देखते हुए जेल वारंट जारी किया गया। इसके पश्चात दोनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार असामाजिक तत्वों का विवरण:
संजय बंजारे, पिता भागवत दास बंजारे, उम्र 42 वर्ष
निवासी – वार्ड क्रमांक 13, नकटी (खपरी), थाना तिल्दा नेवरा, जिला रायपुर (छ.ग.)
ऋषि वर्मा, पिता अशोक वर्मा, उम्र 21 वर्ष
निवासी – वार्ड क्रमांक 33, बिरगांव, गांधी नगर, थाना उरला, जिला रायपुर (छ.ग.)
थाना प्रभारी निरीक्षक रमाकांत तिवारी ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार से कानून व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही जारी रहेगी। आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें।

Anil Kumar Bhatt
Editor in Chief
