
ग्रैंड कैम्प फायर में झलकी लोक-संस्कृति की अनोखी छटा, 400 से अधिक प्रतिभागियों ने किया सहभागिता
कोरबा। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, जिला कोरबा द्वारा आयोजित तृतीय सोपान एवं निपुण जांच शिविर तथा कब–बुलबुल उत्सव का आयोजन विद्युत गृह उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2, एचटीपीपी में किया जा रहा है। शिविर में जिले के पांचों ब्लॉकों से 400 से अधिक स्काउट्स, गाइड्स, रोवर्स, रेंजर्स, कब और बुलबुल ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। शिविर का मुख्य आकर्षण रहा ग्रैंड कैम्प फायर, जिसमें प्रतिभागियों ने लोक संस्कृति से जुड़े विविध कार्यक्रमों की रंगारंग प्रस्तुति देकर उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया।
लोक संस्कृति संग सजी ग्रैंड कैम्प फायर की शाम
ग्रैंड कैम्प फायर के दौरान नृत्य, गीत, नाटक और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से वातावरण जीवंत हो उठा। कब–बुलबुल द्वारा प्रस्तुत फैंसी ड्रेस कार्यक्रम ने दर्शकों का दिल जीत लिया। वहीं स्काउट रितेश यादव एवं गाइड प्राची ने भावनात्मक कैंप इम्प्रैशन प्रस्तुत कर शिविर के अनुभवों को प्रभावी ढंग से साझा किया।
मुख्य अतिथि केएनबी राव ने स्काउट आंदोलन को बताया ‘चरित्र निर्माण का आधार’
कार्यक्रम में हसदेव ताप विद्युत गृह (एचटीपीपी) के अतिरिक्त मुख्य अभियंता (एफएम) केएनबी राव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविर आपसी सद्भाव और देशप्रेम की भावना को मजबूत करते हैं।
उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि स्काउट आंदोलन युवाओं में नैतिकता, अनुशासन और जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना का विकास करता है। राव ने बताया कि एचटीपीपी प्रबंधन भी स्काउट्स के पाठ्यक्रम—विशेषकर डिजास्टर मैनेजमेंट एवं साइबर सुरक्षा—का लाभ आगे बढ़ाकर कर्मचारियों और स्थानीय युवाओं के लिए उपयोगी बनाएगा।
जिला मुख्य आयुक्त सादिक शेख ने दी गतिविधियों की जानकारी
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला मुख्य आयुक्त मोहम्मद सादिक शेख ने की। उन्होंने स्वागत उद्बोधन देते हुए भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, जिला कोरबा की वर्षभर की गतिविधियों और उपलब्धियों से अतिथियों को अवगत कराया।
विशिष्ट अतिथियों ने बढ़ाया उत्साह
विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित अधीक्षण अभियंता (एचटीपीपी) एवं विद्युत नगर शिक्षण समिति के सचिव अजय सिंह कोराम ने बच्चों को अनुशासन, ईमानदारी और सेवा भावना को जीवन में शामिल करने की प्रेरणा दी।
एचटीपीपी के जनसंपर्क अधिकारी बसंत शाहजीत ने अपनी प्रभावशाली कविता के माध्यम से बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
इसके अतिरिक्त मंच पर अनूप पात्रे (प्रशासनिक अधिकारी, एचटीपीपी), विवेक लांडे (जिला मुख्यालय आयुक्त), भरत सिंह वर्मा (जिला सचिव), लीडर ऑफ कोर्स डीगम्बर सिंह कौशिक, उत्तरा मानिकपुरी, नमिता श्यामकुंवर कड़वे एवं श्रीकांत सिंह भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम संचालन और प्रतिवेदन
लीडर ऑफ कोर्स डीगम्बर सिंह कौशिक ने शिविर का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन पुष्पा शांडिल्य द्वारा किया गया।
बुलबुल ग्रिटिंग और कब की गर्जना से हुआ स्वागत
कार्यक्रम के आरंभ में अतिथियों का स्वागत बुलबुल ग्रिटिंग तथा कब की पारंपरिक ‘गर्जना’ से किया गया, जिसने कार्यक्रम में ऊर्जा और उत्साह का संचार किया।
समग्र रूप से ग्रैंड कैम्प फायर एवं शिविर कार्यक्रम अत्यंत सफल रहा, जिसने न केवल बच्चों की प्रतिभा को मंच प्रदान किया, बल्कि स्थानीय लोक संस्कृति, अनुशासन और सामाजिक मूल्यों को भी नई दिशा दी।

Anil Kumar Bhatt
Editor in Chief
