अखिल भारतीय हल्बा हल्बी समाज जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी की जिला कार्यकारिणी का गठन

मोहला–मानपुर। अखिल भारतीय हल्बा–हल्बी समाज जिला मोहला–मानपुर–अंबागढ़ चौकी की जिला कार्यकारिणी का गठन रविवार, 29 नवंबर को जिला मुख्यालय मोहला स्थित लोक जनशक्ति सामुदायिक भवन में संपन्न हुआ। सामाजिक एकता, विकास और संगठन को सशक्त बनाने की दिशा में आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक में जिलेभर से आए समाज के वरिष्ठ सदस्य, प्रतिनिधि एवं पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित हुए।
जिला कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन
कार्यक्रम के दौरान सर्वसम्मति से श्री अमर सिंह ठाकुर को मोहला–मानपुर–अंबागढ़ चौकी संयुक्त जिले का जिला अध्यक्ष मनोनीत किया गया। समाज के प्रतिनिधियों ने उनके नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए संगठन को नई दिशा देने की अपेक्षा व्यक्त की।
इसी क्रम में सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी श्री जे.आर. ठाकुर को जिला संरक्षक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई। उनकी लंबी प्रशासनिक अनुभव यात्रा और समाजिक योगदान को देखते हुए उपस्थित जनों ने एक स्वर में उनका समर्थन किया।
अन्य पदाधिकारियों की घोषणा
जिला कार्यकारिणी में निम्नानुसार पदाधिकारियों का चयन किया गया—
उपाध्यक्ष: श्री जे.आर. मार्गे, श्री दौलत कारटे एवं श्री फुलबाई आर्य
सचिव: श्री अनिल कुमार तारम
कोषाध्यक्ष: श्री पी.आर. नायक
सलाहकार: श्री एम.आर. नायक, श्री तुला राम पिस्दा एवं श्री काशी राम रावटे
इसके अलावा समाज के सक्रिय सदस्यों को कार्यकारिणी सदस्य के रूप में सम्मिलित किया गया, जिनमें प्रमुख रूप से—
श्री चेतन लाल भंडारी, श्री डी.एल. भुआर्य, श्री सोमनाथ भंडारी, श्री महेंद्र सिंह गोआर्य, श्री केमन लाल माहले, श्री एन.आर. ढालेन्द्र, श्री घना राम भुआर्य, श्री लिखन लाल गावरे, श्री लाला राम भुआर्य एवं श्री भगत राम भंडारी शामिल हैं।
निर्वाचन प्रक्रिया रही पारदर्शी
पूरी निर्वाचन प्रक्रिया मुख्य निर्वाचन अधिकारी सेवानिवृत्त आईपीएस श्री जे.आर. ठाकुर एवं निर्वाचन अधिकारी श्री जे.आर. मार्गे के निर्देशन में समाज की नियमावली तथा बायलॉज के अनुरूप पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई गई। निर्वाचन के दौरान अनुशासन, पारदर्शिता और एकजुटता का उदाहरण देखने मिला।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी का संबोधन
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री जे.आर. ठाकुर ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि—
“समाज के सर्वांगीण विकास के लिए निष्ठा, लगन और निस्वार्थ भाव से कार्य करना ही प्रत्येक पदाधिकारी का दायित्व है। हमें उम्मीद है कि नए अध्यक्ष श्री अमर सिंह ठाकुर के नेतृत्व में समाज नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।”
उन्होंने यह भी विश्वास व्यक्त किया कि समाज के हितों, परंपराओं और मूल्यों को आगे बढ़ाने में नई कार्यकारिणी मील का पत्थर साबित होगी।
समाज के प्रतिनिधियों ने जताया उत्साह
समारोह में उपस्थित समाज प्रमुखों, वरिष्ठ सदस्यों एवं प्रतिनिधियों ने भी नव–निर्वाचित पदाधिकारियों के प्रति विश्वास व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं दीं। सभी ने एक स्वर में कहा कि यह नई कार्यकारिणी समाज में संगठनात्मक मजबूती, युवा सहभागिता और सांस्कृतिक संरक्षण की दिशा में प्रभावी रूप से कार्य करेगी।
समारोह उत्साहपूर्ण एवं सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ, जिसमें समाज की एकजुटता और प्रगति के प्रति दृढ़ संकल्प स्पष्ट दिखाई दिया।

Anil Kumar Bhatt
Editor in Chief
