
ब्लू वाटर में नहाने गए दो स्कूली छात्र डूबे, पुलिस और SDRF की टीम कर रही तलाश
रायपुर। राजधानी रायपुर में घूमने निकले दो स्कूली छात्रों की मस्ती उस समय दर्दनाक हादसे में बदल गई जब वे ब्लू वाटर के गहरे पानी में डूब गए। घटना शुक्रवार दोपहर की बताई जा रही है। फिलहाल दोनों छात्रों की तलाश के लिए पुलिस और एसडीआरएफ (SDRF) की टीम मौके पर लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, जयेश साहू और मृदुल वंजारिया, दोनों टाटीबंध स्थित एक निजी स्कूल में कक्षा 10वीं के छात्र हैं। वे अपने 7-8 दोस्तों के साथ छुट्टी के दिन घूमने के इरादे से माना थाना क्षेत्र स्थित ब्लू वाटर झील पहुंचे थे। गर्मी और मस्ती के बीच सभी छात्र झील में नहाने उतर गए। इसी दौरान जयेश और मृदुल झील के गहरे हिस्से में चले गए और वापस बाहर नहीं निकल पाए।
दोनों को डूबता देख उनके साथियों ने शोर मचाया और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही माना थाना पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। गोताखोरों की मदद से पानी में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन खबर लिखे जाने तक दोनों छात्रों का कोई पता नहीं चल पाया है।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि झील के गहरे हिस्से में पानी का बहाव और गहराई दोनों अधिक हैं। हादसे के बाद इलाके में लोगों की भीड़ जमा हो गई है। पुलिस ने छात्रों के परिजनों को सूचना दे दी है और घटनास्थल पर लगातार सर्च ऑपरेशन जारी है।
माना थाना प्रभारी ने बताया कि —
> “घटना की सूचना मिलते ही टीम को मौके पर भेजा गया। एसडीआरएफ की मदद से तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। छात्रों के परिवार को सूचना दे दी गई है, और हर संभव कोशिश की जा रही है कि दोनों को जल्द से जल्द ढूंढ निकाला जाए।”
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अपील की है कि ब्लू वाटर जैसे स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाए और नहाने पर रोक लगाने के लिए स्पष्ट चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

Anil Kumar Bhatt
Editor in Chief
