
पूर्व सरपंच पर एफआईआर की मांग को लेकर ग्रामवासियों का धरना, एसडीएम कार्यालय का घेराव
अल्दा ,तिल्दा-नेवरा 17 सितंबर 2025:
ग्राम पंचायत अल्दा में पूर्व सरपंच के खिलाफ एफआईआर दर्ज न होने से नाराज़ ग्रामीणों ने मंगलवार को एसडीएम कार्यालय का घेराव कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में वर्तमान सरपंच, उपसरपंच, पंचगण सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने भारी बारिश के बावजूद प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और धरना देकर कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों का आरोप है कि पूर्व सरपंच केसर खूबीराम वर्मा के कार्यकाल में गंभीर अनियमितताएं हुई हैं, जिसके संबंध में थाना में पूर्व में शिकायत दी जा चुकी है। ग्रामीणों का कहना है कि थानेदार ने जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया था, वहीं एसडीएम द्वारा भी एक जांच दल गठित कर ग्राम पंचायत में भेजा गया था। बावजूद इसके, आज तक न तो कोई एफआईआर दर्ज की गई है और न ही जांच रिपोर्ट ग्राम पंचायत को सौंपी गई है।

ग्रामवासियों की प्रमुख मांगें:
पूर्व सरपंच के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए।
जांच रिपोर्ट को सार्वजनिक किया जाए।
दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई हो।
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो उनका आंदोलन और उग्र रूप ले सकता है। धरना स्थल पर मौजूद ग्रामवासियों ने कहा कि प्रशासन की निष्क्रियता से यह प्रतीत होता है कि कहीं न कहीं आरोपी को संरक्षण दिया जा रहा है।

प्रशासन की प्रतिक्रिया:
धरना-प्रदर्शन की सूचना मिलते ही एसडीएम कार्यालय से एक प्रतिनिधि बाहर आकर प्रदर्शनकारियों से मिला और उन्हें ज्ञापन लेने तथा उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। हालांकि, प्रदर्शनकारी तत्काल ठोस कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।

गौरतलब है कि ग्राम पंचायत अल्दा में पूर्व सरपंच के कार्यकाल को लेकर लंबे समय से भ्रष्टाचार और वित्तीय अनियमितताओं के आरोप लगते रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत विकास कार्यों में भारी गड़बड़ी की गई है और सरकारी धन का दुरुपयोग हुआ है।
आंदोलन जारी रहने की चेतावनी:
प्रदर्शनकारियों ने दो टूक कहा कि जब तक जांच रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की जाती और उचित कानूनी कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
—
रिपोर्ट: अनिल कुमार भट्ट तिल्दा टाइम्स CG न्यूज


Anil Kumar Bhatt
Editor in Chief
