
बालिकाओं को गुड टच-बैड टच, पोषण और स्वास्थ्य के प्रति किया गया जागरूक
तिल्दा नेवरा,
बद्रीनारायण बगड़िया शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नेवरा में महिला एवं बाल विकास विभाग तिल्दा नेवरा के तत्वावधान में बालिकाओं को गुड टच और बैड टच सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक करने हेतु एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

परियोजना अधिकारी रंजना ठाकुर के मार्गदर्शन में सुपरवाइजर मोनिका, पार्वती और रानी सोनी द्वारा कक्षा 9वीं से 12वीं तक की लगभग 150 बालिकाओं को गुड टच-बैड टच, पोषण, स्वास्थ्य, ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ और ‘बालिका पढ़े-बालिका बढ़े’ जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी गई।
इस कार्यक्रम की अध्यक्षता पार्षद रानी सौरभ जैन ने की, जबकि मुख्य अतिथि नरेंद्र कुमार शर्मा और विशिष्ट अतिथि सौरभ जैन उपस्थित रहे। अतिथियों ने बालिकाओं को आत्मविश्वास के साथ अपनी समस्याएं साझा करने और समाधान के लिए आगे आने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान शिक्षिकाएं सुषमा दुबे, अल्का मिश्रा, किरण साहू, तक्षशिला खाखा, कांति बड़ा और सविता वर्मा ने व्यावहारिक उदाहरणों व प्रश्नोत्तर सत्रों के माध्यम से छात्राओं का मार्गदर्शन किया।
इस आयोजन का सफल संचालन विद्यालय की रेडक्रॉस प्रभारी कुसुम नाग और हेल्थ केयर वोकेशनल ट्रेनर खुशबू रामटेके की सक्रिय सहभागिता से संपन्न हुआ।
विद्यालय में हुए इस सार्थक प्रयास ने छात्राओं को न सिर्फ आत्मरक्षा के गुर सिखाए, बल्कि उन्हें शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की प्रेरणा भी दी।

Anil Kumar Bhatt
Editor in Chief
