तिल्दा-नेवरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई : 8.5 किलो गांजा के साथ एक युवक गिरफ्तार, एक आरोपी फरार

Img 20260409 Wa00028829305267898849612 1024x761


तिल्दा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 8.5 किलो गांजा के साथ युवक गिरफ्तार, एक आरोपी फरार


“ऑपरेशन निश्चय” के तहत लगातार सख्ती, लाखों की अवैध सामग्री जब्त


तिल्दा-नेवरा (रायपुर ग्रामीण), 8 अप्रैल 2026
जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान “ऑपरेशन निश्चय” के तहत तिल्दा नेवरा पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है।

पुलिस ने गांजा की तस्करी करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया।


पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना तिल्दा नेवरा को गोपनीय सूचना मिली थी कि एक मोटरसाइकिल में सवार दो व्यक्ति सूटकेस और बैग में भारी मात्रा में गांजा लेकर खरोरा से तिल्दा होते हुए सांकरा की ओर जा रहे हैं।

सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जोता रेलवे फाटक के पास घेराबंदी की।


घेराबंदी के दौरान जैसे ही संदिग्ध मोटरसाइकिल पहुंची, पुलिस को देखकर पीछे बैठा एक व्यक्ति मौके से कूदकर फरार हो गया। वहीं चालक को पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पकड़ लिया।


तलाशी लेने पर आरोपी के पास मौजूद सूटकेस और बैग से कुल 8 किलो 500 ग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 4 लाख 25 हजार रुपये बताई जा रही है। इसके साथ ही परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (डिस्कवर, क्रमांक CG 04 DR 5280) भी जब्त की गई, जिसकी कीमत लगभग 50 हजार रुपये है।


इस तरह कुल मिलाकर 4 लाख 75 हजार रुपये की अवैध सामग्री जब्त की गई है।

Img 20260409 Wa00033809076890490767743 1024x576


गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुमान माण्डले (22 वर्ष), निवासी ग्राम सांकरा, थाना तिल्दा नेवरा के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल रायपुर भेज दिया गया है।


पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुट गई है और उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
इस पूरी कार्रवाई को वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक रमाकांत तिवारी के नेतृत्व में उप निरीक्षक अरुण कुमार भोई एवं तिल्दा नेवरा पुलिस टीम ने अंजाम दिया।


पुलिस अधिकारियों ने बताया कि “ऑपरेशन निश्चय” के तहत क्षेत्र में गांजा और अवैध शराब के कारोबार पर लगातार कड़ी कार्रवाई की जा रही है, जिससे ऐसे अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।


तिल्दा पुलिस की इस कार्रवाई से यह स्पष्ट है कि मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार तेज किया जा रहा है और अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *