
सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 62 किलो से अधिक गांजा बरामद, तस्कर फरार
स्विफ्ट डिजायर कार से हो रहा था अवैध परिवहन, मुखबिर की सूचना पर सरिया पुलिस की घेराबंदी
सारंगढ़-बिलाईगढ़, छत्तीसगढ़।
जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक श्री आंजनेय वार्ष्णेय के निर्देशन में जिलेभर में जुआ, सट्टा, शराब और मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती निमिषा पाण्डेय एवं उप पुलिस अधीक्षक सुश्री संतोषी ग्रेस के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रमोद यादव के नेतृत्व में सरिया पुलिस टीम ने अवैध गांजा परिवहन करते हुए एक कार से भारी मात्रा में मादक पदार्थ जब्त किया।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
दिनांक 07/08/2026 को पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार (क्रमांक OD 02 BV 7653) में कुछ व्यक्ति उड़ीसा से गांजा लेकर शक्ति-जांजगीर की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने ग्राम बोरिदा, बगीचा तालाब के पास मुख्य मार्ग पर घेराबंदी की।
अंधेरे का फायदा उठाकर चालक फरार
घेराबंदी के दौरान संदिग्ध कार दिखाई दी, लेकिन पुलिस को देख चालक वाहन को कुछ दूरी पर छोड़कर अंधेरे का लाभ उठाते हुए फरार हो गया। इसके बाद पुलिस ने गवाहों की उपस्थिति में वाहन की तलाशी ली।
62 किलो से अधिक गांजा बरामद
तलाशी के दौरान कार के भीतर 59 पैकेट में कुल 62 किलो 245 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। मौके पर ही गांजा और वाहन को जब्त कर लिया गया।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
इस मामले में थाना सरिया में अपराध क्रमांक 71/2026 के तहत धारा 20(B) एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ कर दी गई है।
टीम का सराहनीय योगदान
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रमोद यादव, सहायक उप निरीक्षक मोतीलाल डनसेना, प्रधान आरक्षक विजय यादव, आरक्षक मोहन गुप्ता, विमल जांगड़े, खेमलाल, श्रवण टंडन, दिलीप स्नेही, दिगंबर, दिलीप साव तथा साइबर सेल के रामकुमार मानिकपुरी, दीपक मैत्री, कृष्णा डनसेना, मोतीलाल जांगड़े सहित समस्त थाना स्टाफ का विशेष योगदान रहा।
पुलिस द्वारा फरार आरोपी की तलाश जारी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार करने की बात कही जा रही है।

Anil Kumar Bhatt
Editor in Chief
