
रायगढ़ में युवक को पेट्रोल डालकर जलाने की आशंका, इलाज के दौरान मौत; दो युवकों पर शक
रायगढ़/खरसिया। जिले के खरसिया थाना क्षेत्र में एक युवक को कथित रूप से पेट्रोल छिड़ककर जिंदा जलाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गंभीर रूप से झुलसे युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
क्या है पूरा मामला
मिली जानकारी के अनुसार घटना 16-17 फरवरी की दरम्यानी रात की बताई जा रही है। मंगलवार सुबह मौहापाली के भांटापारा मोहल्ले में एक युवक अधजली हालत में पड़ा मिला। उसकी पहचान चपले निवासी नंदू पटेल उर्फ शिव प्रसाद पटेल के रूप में हुई।
परिजन उसे तत्काल सिविल अस्पताल ले गए, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए रायगढ़ रेफर किया गया। इलाज के दौरान मंगलवार शाम उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक करीब 60 प्रतिशत तक झुलस चुका था।
मामा के घर से लौटते समय हुई वारदात
मृतक के मामा शत्रुघन पटेल के अनुसार, शिव प्रसाद सोमवार शाम बैंक के काम से मौहापाली आया था। बैंक से रकम नहीं निकलने पर वह मामा के घर पहुंचा। वहां भोजन करने के बाद रात करीब 10:30 से 11 बजे के बीच वह बाइक से अपने गांव लौट रहा था।
इसी दौरान रास्ते में दो युवकों ने उसे रोक लिया। इसके बाद क्या हुआ, यह स्पष्ट नहीं है। मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने उसे गंभीर हालत में देखा और परिजनों को सूचना दी।
दो युवकों पर गहराया शक
घटना के बाद पुलिस ने गांव की गलियों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं। फुटेज में मृतक को आखिरी बार गांव के दो युवकों के साथ देखा गया है।
परिजनों ने आशंका जताई है कि पहले उसके साथ मारपीट की गई और फिर उस पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी गई। परिवार का आरोप है कि संदिग्ध युवक अक्सर रात में राहगीरों को रोकते थे।
पुलिस जांच जारी
खरसिया एसडीओपी प्रभात पटेल ने बताया कि युवक अधजली हालत में मिला था और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज सहित सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है। संदिग्धों से पूछताछ की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले में हत्या का एंगल भी जांच के दायरे में रखा गया है।
(अपडेट जारी: जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ेगी, नए तथ्य सामने आने की संभावना है।)

Anil Kumar Bhatt
Editor in Chief
