आपरेशन निश्चय के तहत रायपुर ग्रामीण पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 73 किलोग्राम गांजा, 790 प्रतिबंधित टैबलेट और हथियारों के साथ महिला तस्कर गिरफ्तार

Img 20260129 Wa00208477891250528732570 1024x732


**“ऑपरेशन निश्चय” के तहत रायपुर ग्रामीण पुलिस की बड़ी कार्रवाई


73 किलो गांजा, 790 प्रतिबंधित टैबलेट और हथियारों के साथ महिला तस्कर गिरफ्तार**


रायपुर | 29 जनवरी 2026 | विशेष रिपोर्ट
नशे के विरुद्ध छत्तीसगढ़ पुलिस के सख्त और सुनियोजित अभियान “ऑपरेशन निश्चय” के तहत रायपुर ग्रामीण पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना तिल्दा-नेवरा क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के बदलते अपराधी पैटर्न पर करारा प्रहार करते हुए एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसके कब्जे से भारी मात्रा में गांजा, प्रतिबंधित टेबलेट, हथियार और नगद राशि बरामद की गई है।


घर के भीतर गुप्त चैम्बर बनाकर चला रही थी नशे का कारोबार


रायपुर पुलिस (ग्रामीण) को दिनांक 28 जनवरी 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि वार्ड क्रमांक-22, सासाहोली स्थित अटल निवास में एक महिला अपने घर से अवैध रूप से मादक पदार्थ एवं प्रतिबंधित टेबलेट की बिक्री कर रही है।

सूचना की तस्दीक के बाद नगर पुलिस अधीक्षक विधानसभा श्री वीरेंद्र चतुर्वेदी के निर्देशन एवं थाना प्रभारी निरीक्षक रमाकांत तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल दबिश दी।


दबिश के दौरान मकान में मौजूद महिला ने अपना नाम मधु मिश्रा बताते हुए स्वयं को मकान की स्वामिनी होना स्वीकार किया। जब पुलिस ने घर की सघन तलाशी ली तो कमरे एवं आलमारियों में बनाए गए एक विशेष गुप्त चैम्बर से भारी मात्रा में नशीले पदार्थ और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई।


बरामद सामग्री का विवरण
पुलिस द्वारा आरोपी महिला के कब्जे से—
73 किलोग्राम गांजा
790 नग प्रतिबंधित टेबलेट (नाइट्रोसन)
03 नग बटनदार चाकू
नगद राशि ₹1,87,000/-
06 मोबाइल फोन
01 टैबलेट
बरामद की गई। जप्त मशरूका की कुल अनुमानित कीमत लगभग ₹41,75,000/- आंकी गई है।


एनडीपीएस और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज
पूछताछ में आरोपी महिला ने मादक पदार्थों एवं प्रतिबंधित टेबलेट को अपने कब्जे में रखना और उनकी बिक्री करना स्वीकार किया। इस पर थाना तिल्दा-नेवरा में अपराध क्रमांक 41/26 दर्ज करते हुए आरोपी के विरुद्ध
धारा 20(बी), 22(सी) एनडीपीएस एक्ट एवं 25 आर्म्स एक्ट के तहत विधिवत कार्रवाई की गई।


बदलते अपराध पैटर्न पर पुलिस की इंटेलिजेंस-ड्रिवन रणनीति


पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज (ग्रामीण) श्री अमरेश मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक रायपुर (ग्रामीण) श्रीमती श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के दिशा-निर्देश में संचालित ऑपरेशन निश्चय के लगातार दबाव के चलते नशा तस्कर अब पारंपरिक तरीकों को छोड़कर नए-नए पैटर्न अपना रहे हैं।


इसी को ध्यान में रखते हुए रायपुर ग्रामीण पुलिस द्वारा इंटेलिजेंस-ड्रिवन कार्रवाई, माइक्रो-लेवल सर्विलांस और एंड-टू-एंड विवेचना को प्रभावी रूप से लागू किया जा रहा है, जिससे अपराधियों की हर चाल को समय रहते नाकाम किया जा सके।


पुलिस का स्पष्ट संदेश – नशे के कारोबार के लिए कोई जगह नहीं


ऑपरेशन निश्चय के अंतर्गत की गई यह कार्रवाई स्पष्ट संकेत है कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त कोई भी व्यक्ति, चाहे वह किसी भी रूप या तरीके से अपराध करे, कानून की पकड़ से बाहर नहीं रहेगा। रायपुर ग्रामीण पुलिस द्वारा आगे भी इस अभियान को और अधिक सख्ती से चलाए जाने की बात कही गई है।


गिरफ्तार आरोपी का विवरण
नाम: मधु मिश्रा
पति: परस मिश्रा
उम्र: 30 वर्ष
निवासी: वार्ड क्रमांक-22, श्मशान घाट के पास, अटल निवास, सासाहोली
थाना: तिल्दा-नेवरा, जिला रायपुर (छ.ग.)

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *