
ग्राम बिलाड़ी सहित आसपास के गांवों व शहर में गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया
बिलाड़ी |
देश के 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर ग्राम बिलाड़ी एवं आसपास के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में देशभक्ति, उत्साह और उल्लास का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। 26 जनवरी को पूरे क्षेत्र में तिरंगा शान से लहराया और “विजयी विश्व तिरंगा प्यारा, झंडा ऊँचा रहे हमारा” जैसे देशभक्ति नारों से वातावरण गूंज उठा।

गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर ग्राम बिलाड़ी में विभिन्न प्रमुख स्थलों पर भव्य झंडारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें पूर्व माध्यमिक शाला बिलाड़ी, ग्राम पंचायत बिलाड़ी, भाटापारा चौक (सरकारी धान मंडी), शक्ति चौक स्थित नवीन प्राथमिक शाला, तुरकिन डबरी सरोवर, तथा जय हिन्द युवा समिति द्वारा दैहान चौक व गोवर्धन चौक प्रमुख रूप से शामिल रहे। सभी स्थानों पर जनप्रतिनिधियों, ग्रामवासियों, युवाओं एवं विद्यार्थियों की गरिमामयी उपस्थिति में राष्ट्रध्वज फहराया गया।

झंडारोहण के पश्चात राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया गया, जिससे उपस्थित सभी नागरिकों में देशभक्ति की भावना और अधिक प्रबल हो गई। कार्यक्रम के दौरान स्वतंत्रता सेनानियों एवं संविधान निर्माताओं को स्मरण करते हुए उनके योगदान पर प्रकाश डाला गया।

इस अवसर पर स्कूली छात्र-छात्राओं की सहभागिता विशेष रूप से आकर्षण का केंद्र रही। विद्यार्थियों द्वारा तीन-तीन की कतार में अनुशासित ढंग से चलते हुए गांव की गलियों और प्रमुख चौक-चौराहों से होकर प्रभातफेरी निकाली गई। हाथों में तिरंगा लिए बच्चों ने देशभक्ति गीतों और नारों के माध्यम से पूरे गांव को देशप्रेम के रंग में रंग दिया।

कार्यक्रम के समापन पर सभी स्थलों पर प्रसाद के रूप में शेव-बूंदी का वितरण किया गया, जिसमें बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
गणतंत्र दिवस के इन आयोजनों ने ग्राम बिलाड़ी सहित आसपास के गांवों और शहर में राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और संविधान के प्रति सम्मान की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया। पूरा क्षेत्र राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया और यह दिन सभी के लिए अविस्मरणीय बन गया।



Anil Kumar Bhatt
Editor in Chief
