
मड़ई मेले की खुशियां मातम में बदलीं
तिल्दा–नेवरा क्षेत्र में दो अलग-अलग चाकूबाजी की घटनाएँ
एक युवक की मौत, पंच गंभीर रूप से घायल
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, दोनों मामलों में आरोपी गिरफ्तार
तिल्दा–नेवरा–रायपुर।
छत्तीसगढ़ के जिला रायपुर अंतर्गत विकासखंड तिल्दा–नेवरा में मड़ई मेले के दौरान हुई दो अलग–अलग चाकूबाजी की घटनाओं ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। पारंपरिक और सांस्कृतिक उत्सव के रूप में मनाए जाने वाले मड़ई मेले में जहां एक ओर श्रद्धा, उल्लास और लोकसंस्कृति की झलक देखने को मिलती है, वहीं इन घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था और सामाजिक संयम पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पहली घटना ग्राम पंचायत भुरसुदा की है, जहां मड़ई मेले के दौरान हुई चाकूबाजी में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई।
वहीं दूसरी घटना ग्राम पंचायत रायखेडा की है, जहां नाइट प्रोग्राम के बाद हुए विवाद में ग्राम पंचायत का एक पंच चाकू हमले में गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने दोनों ही मामलों में तत्परता दिखाते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
भुरसुदा मड़ई मेले में मामूली विवाद बना जानलेवा
मिली जानकारी के अनुसार, बसंत पंचमी के अवसर पर ग्राम पंचायत भुरसुदा में पारंपरिक मड़ई मेले का आयोजन किया गया था। मेले में आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए थे। दिनभर मेला शांतिपूर्वक चलता रहा, लेकिन देर रात रणबौर मेला ग्राउंड में युवकों के बीच किसी छोटी-सी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहले कहासुनी हुई, फिर हाथापाई शुरू हुई और देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इसी दौरान कुछ युवकों ने मिलकर एक युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को मौके पर मौजूद लोगों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद मेला स्थल पर अफरा–तफरी मच गई और आरोपी युवक मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय, सभी आरोपी गिरफ्तार
घटना की जानकारी मिलते ही तिल्दा–नेवरा पुलिस तत्काल हरकत में आई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया, पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। फरार आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर देर रात ही घेराबंदी कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल आरोपियों से थाने में पूछताछ की जा रही है। पुलिस उनके आपराधिक रिकॉर्ड खंगालने के साथ-साथ हत्या के पीछे के वास्तविक कारणों की भी गहन जांच कर रही है।
रायखेडा में नाइट प्रोग्राम के बाद पंच पर हमला
दूसरी घटना तिल्दा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत रायखेडा की है। यहां मड़ई कार्यक्रम के बाद आयोजित नाइट प्रोग्राम के समाप्त होने के पश्चात बदमाशों और ग्रामीणों के बीच किसी मामूली बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि बदमाशों ने ग्राम पंचायत के पंच पर चाकू से हमला कर दिया।
हमले में पंच गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल तिल्दा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे रायपुर रेफर किया गया है।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से लोगों ने ली राहत की सांस
घटना की सूचना मिलते ही तिल्दा पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने तेजी दिखाते हुए कुछ ही घंटों में आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों मामलों में संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मड़ई जैसे पारंपरिक और सांस्कृतिक आयोजनों में इस प्रकार की घटनाएं बेहद दुर्भाग्यपूर्ण हैं। कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
जनता से संयम बरतने की अपील, सुरक्षा व्यवस्था होगी मजबूत
पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी विवाद की स्थिति में संयम बरतें और कानून को हाथ में न लें। भविष्य में ऐसे आयोजनों के दौरान अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किए जाने की बात भी कही गई है, ताकि शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनी रहे।
लगातार हुई इन घटनाओं से क्षेत्र में जहां दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस की त्वरित कार्रवाई से लोगों ने राहत की सांस ली है। फिलहाल दोनों मामलों में जांच जारी है और पुलिस हर पहलू से मामले की पड़ताल कर रही है।

Anil Kumar Bhatt
Editor in Chief
