
बैकुंठ बहेसर के जोगी कुआँ धाम में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई बाबा गुरु घासीदास जी की 269वीं जयंती
बहेसर/तिल्दा-नेवरा
बैकुंठ बहेसर स्थित पावन जोगी कुआँ धाम में महान समाज सुधारक, सतनाम पंथ के प्रवर्तक बाबा गुरु घासीदास जी की 269वीं जयंती समारोह श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक समरसता के वातावरण में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।
इस अवसर पर क्षेत्रभर से श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरा परिसर “सतनाम” के जयघोष से गूंज उठा।
जयंती समारोह के दौरान युवा जन जागृति पंथी पार्टी नकटी मढ़ी एवं सत्यदर्शन बालिका पंथी सतनाम भजन मानपुर चापा द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक एवं पंथी कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई। पंथी नृत्य, सतनाम भजन और पारंपरिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्री शैलेश नितिन त्रिवेदी जी उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथियों में पूर्व सांसद एवं वरिष्ठ अधिवक्ता श्री गोविंद राम मिरी जी, अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश मंत्री श्री चंद्रकुमार पाटिल जी, ग्राम बहेसर के सरपंच प्रतिनिधि श्री सेवक बर्मन जी, ग्राम तुलसी के सरपंच श्री गुलाबचंद आडिल जी तथा अल्ट्राटेक सीमेंट वर्क्स बैकुंठ के अधिकारी श्री दीपेंद्र मिश्रा जी शामिल हुए। इसके अतिरिक्त अनेक जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक भी समारोह में मौजूद रहे।
अपने संबोधन में अतिथियों ने बाबा गुरु घासीदास जी के जीवन दर्शन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने समाज को सत्य, अहिंसा, समानता और मानवता का मार्ग दिखाया। बाबा जी का संदेश आज भी प्रासंगिक है और समाज को भेदभाव, अंधविश्वास और असमानता से मुक्त करने की प्रेरणा देता है। वक्ताओं ने युवाओं से बाबा जी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

इस भव्य आयोजन में आसपास के 30 से 35 गांवों से लगभग 1000 से अधिक महिला, पुरुष एवं बच्चों की सहभागिता रही, जिससे आयोजन की भव्यता और सामाजिक एकता का परिचय मिला।
धर्मगुरु बालकदास सतनाम सेवा समिति के तत्वावधान में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं के लिए खीर, पूरी, छोले एवं चाय की उत्तम व्यवस्था की गई थी। श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर आयोजन की सराहना की।
कार्यक्रम का सफल संचालन समिति के अध्यक्ष एवं अधिवक्ता श्री दिनेश गायकवाड़ जी द्वारा किया गया। वहीं कार्यकारी अध्यक्ष चरणदास चेलक ने मंदिर पूजा-अर्चना एवं पालो चढ़ाने की व्यवस्थाओं में सक्रिय सहयोग प्रदान किया। समिति के संयोजक के निर्देशन में भोजन व्यवस्था एवं अतिथियों के स्वागत-सत्कार की जिम्मेदारी कुशलतापूर्वक निभाई गई।
इस अवसर पर संतराम बारले, के.आर. सोनवानी, साधराम डहरिया, छत्तन दास लहरे, भागबाई गायकवाड़, सावित्री मनहर, इंदरानी टंडन, प्रियंका गायकवाड़, पुष्पा सोनवानी, संतोषी टंडन, वंदना गायकवाड़, श्रीकांत वर्मा, मनोज गायकवाड़, देवेंद्र बघेल, लोचन सोनवानी, मोहन बंजारे, विवेक सोनवानी, राहुल जोशी, दिलेश्वर कोशले, सुधीर चेलक, संतोष गेंद्रे सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
आयोजकों ने जानकारी देते हुए बताया कि जोगी कुआँ धाम में प्रतिवर्ष 25 दिसंबर को बाबा गुरु घासीदास जी की जयंती श्रद्धा और भक्ति भाव से मनाई जाती है। कार्यक्रम के समापन अवसर पर तन, मन और धन से सहयोग करने वाले सभी श्रद्धालुओं, अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं के प्रति समिति की ओर से आभार व्यक्त किया गया।
यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक रहा, बल्कि सामाजिक एकता, भाईचारे और बाबा गुरु घासीदास जी के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम भी बना।

Anil Kumar Bhatt
Editor in Chief
