तिल्दा नेवरा में 33/11 केवी बिजली उपकेंद्र निर्माण का भूमि पूजन सम्पन्न, शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति होगी और अधिक सुदृढ़

Image Editor Output Image 262351597 17619138360916298711412405902101

तिल्दा नेवरा में 33/11 केवी बिजली उपकेंद्र निर्माण का भूमि पूजन सम्पन्न
शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति होगी और अधिक सुदृढ़

तिल्दा-नेवरा। विकास की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए तिल्दा-नेवरा में 33/11 केवी बिजली उपकेंद्र निर्माण कार्य का विधिवत भूमि पूजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बलौदा बाजार विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं छत्तीसगढ़ सरकार के कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा उपस्थित रहे। उन्होंने पारंपरिक विधि-विधान से भूमि पूजन कर उपकेंद्र निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।

मंत्री वर्मा ने इस अवसर पर कहा कि तिल्दा-नेवरा क्षेत्र तेजी से विकास कर रहा है, ऐसे में सुचारू और स्थिर बिजली आपूर्ति की आवश्यकता भी बढ़ गई है। इस उपकेंद्र के निर्माण से न केवल शहर बल्कि आसपास के ग्रामीण इलाकों को भी बेहतर विद्युत सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रत्येक घर, खेत और उद्योग तक निर्बाध बिजली पहुँचाना है।

मंत्री ने यह भी बताया कि इस उपकेंद्र के बन जाने से क्षेत्र में बार-बार आने वाली वोल्टेज की समस्या, ट्रिपिंग और ओवरलोड जैसी परेशानियों से लोगों को काफी राहत मिलेगी। बिजली की गुणवत्ता और स्थिरता दोनों में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा, जिससे स्थानीय व्यापार, उद्योग और कृषि कार्यों को गति मिलेगी।

कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रकला वर्मा, वरिष्ठ समाजसेवी अनिल अग्रवाल, जनप्रतिनिधि राम पंजवानी, सौरभ जैन, मनोज निषाद, पार्षद रानी जैन, इश्वर यदु, सतीश निषाद और खुमान वर्मा सहित बड़ी संख्या में नागरिक एवं अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने इस परियोजना के लिए मंत्री वर्मा का आभार व्यक्त किया और क्षेत्र के लिए इसे एक ऐतिहासिक कदम बताया।

स्थानीय नागरिकों ने कहा कि लंबे समय से क्षेत्र में बिजली की समस्या बनी हुई थी। उपकेंद्र बनने से बिजली आपूर्ति की स्थिति में बड़ा सुधार होगा और तिल्दा-नेवरा सहित आस-पास के गांवों को निर्बाध बिजली मिलेगी।

कार्यक्रम का संचालन स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने किया और अंत में मंत्री टंकराम वर्मा ने सभी को इस नई परियोजना के लिए शुभकामनाएँ दीं।

— तिल्दा नेवरा संवाददाता अनिल कुमार भट्ट

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *