
नाकोडा कंपनी में घुसकर मारपीट करने वाले 05 आरोपी गिरफ्तार, कंपनी में ड्यूटी के दौरान सोने की शिकायत बनी थी विवाद की वजह
तिल्दा नेवरा (रायपुर, छत्तीसगढ़) | 16 अक्टूबर 2025
रिपोर्ट: तिल्दा टाइम्स CG न्यूज
थाना तिल्दा नेवरा क्षेत्र अंतर्गत स्थित नाकोडा प्लांट, ग्राम खम्हरिया में बीते 15 अक्टूबर को ड्यूटी के दौरान हुए एक विवाद ने गंभीर रूप ले लिया, जब कुछ कर्मचारियों ने कंपनी परिसर में जबरन घुसकर एक अधिकारी पर हमला कर दिया। इस घटना के संबंध में थाना तिल्दा नेवरा में अपराध क्रमांक 437/2025 धारा 296, 115(2), 351(2), 331(5), 3(5) बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
🔹 घटना का विवरण:
सूत्रों के अनुसार, आरोपीगण नाकोडा कंपनी खम्हरिया में कार्यरत थे। ड्यूटी के दौरान उनके कुछ साथी कंपनी परिसर में सोते पाए गए थे, जिसकी शिकायत कंपनी के प्रार्थी एवं अन्य अधिकारियों द्वारा की गई थी। इसी बात को लेकर आरोपीगण काफी नाराज थे।
घटना के दिन आरोपी एक राय होकर कंपनी गेट पर पहुंचे और प्रार्थी को बाहर बुलाया। बातचीत के बहाने जब प्रार्थी गार्ड रूम के पास आया, तभी आरोपीगण ने अवैधानिक रूप से कंपनी का गेट खोलकर परिसर के अंदर प्रवेश किया। इसके बाद उन्होंने प्रार्थी एवं एक अन्य आहत व्यक्ति को अंदर से खींचकर बाहर लाया और हाथ, मुक्का, बेल्ट एवं स्टील के चूड़े से मारपीट कर गंभीर चोटें पहुंचाई। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
🔹 गिरफ्तारी की कार्रवाई:
पुलिस द्वारा आरोपियों की लगातार पतासाजी की जा रही थी। मुखबिर से सूचना मिलने पर आरोपियों को ग्राम खम्हरिया से घेराबंदी कर पकड़ा गया। आरोपियों से मारपीट में प्रयुक्त स्टील का चूड़ा व बेल्ट भी जब्त कर लिया गया है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय में पेश किया गया।
🔹 गिरफ्तार आरोपीगण के नाम:
1. तुषार पोर्ते पिता मकसुदन पोर्ते, उम्र 22 वर्ष
2. शंकर मंडावी पिता बालक सिंग मंडावी, उम्र 25 वर्ष
3. दिलेश्वर पोर्ते पिता धर्मेन्द्र पोर्ते, उम्र 22 वर्ष
4. रिक्की पोर्ते पिता ललकार पोर्ते, उम्र 19 वर्ष
5. प्रकाश मंडावी पिता सतानंद मंडावी, उम्र 35 वर्ष
सभी आरोपी ग्राम खम्हरिया, थाना तिल्दा नेवरा, जिला रायपुर के निवासी हैं।
—
📍 रिपोर्ट:तिल्दा टाइम्स CG न्यूज, तिल्दा नेवरा, रायपुर (छ.ग.)

Anil Kumar Bhatt
Editor in Chief
