
तिल्दा-नेवरा में ओवरब्रिज की दुर्दशा और गंदगी पर शिव सैनिकों ने जताया विरोध, सांसद और मंत्री को सौंपा ज्ञापन
तिल्दा-नेवरा, रायपुर – क्षेत्र में व्याप्त बुनियादी समस्याओं और प्रशासनिक उदासीनता के खिलाफ शिव सैनिकों ने शनिवार को तिल्दा-नेवरा पहुंचने पर रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल और छत्तीसगढ़ सरकार के कैबिनेट मंत्री व क्षेत्रीय विधायक टंकराम वर्मा को एक ज्ञापन सौंपा। शिव सैनिकों ने ज्ञापन के माध्यम से ओवरब्रिज निर्माण में हुई कथित भ्रष्टाचार, गंदगी, और खराब ड्रेनेज व्यवस्था जैसे मुद्दों पर तत्काल प्रभाव से कार्यवाही की मांग की।
ओवरब्रिज बना सिरदर्द, सात साल में ही हो गया जर्जर
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि वर्ष 2013-14 में भाजपा शासनकाल में तिल्दा-नेवरा में निर्मित ओवरब्रिज मात्र सात-आठ वर्षों में ही जर्जर अवस्था में पहुंच गया है। तीन माह पूर्व मरम्मत कार्य के लिए आवागमन बंद किया गया था, लेकिन अभी तक कोई ठोस मरम्मत या पुनर्निर्माण कार्य नहीं किया गया है, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

शिव सैनिकों ने आरोप लगाया कि ओवरब्रिज निर्माण कार्य में भारी भ्रष्टाचार हुआ है, और इसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
ओवरब्रिज के नीचे गंदगी और सड़क पर बहता नाली का पानी बना मुसीबत
सिर्फ ओवरब्रिज ही नहीं, उसके नीचे मछली और मुर्गियों के अपशिष्ट वेस्टेज खुले में फेंके जा रहे हैं, जिससे क्षेत्र में दुर्गंध फैल रही है और बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। वहीं, बाजार चौक मोड़ पर सड़क मार्ग पर नाली का गंदा पानी बह रहा है, जिससे नागरिकों का चलना दूभर हो गया है। यह स्थिति बारिश में और भी विकराल रूप ले लेती है।

शिव सैनिकों ने इस समस्या को गंभीर बताते हुए उसका स्थायी समाधान करने की मांग की है।
शिव सैनिकों ने दी उग्र आंदोलन की चेतावनी
जिला महासचिव बद्री प्रसाद वर्मा ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इन समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो शिव सैनिक सड़क पर उतरकर उग्र आंदोलन करेंगे। उन्होंने प्रशासन को दो टूक शब्दों में चेतावनी दी कि जनता के धैर्य की परीक्षा न ली जाए।
ज्ञापन सौंपने में अनेक शिव सैनिक रहे उपस्थित
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला महासचिव बद्री प्रसाद वर्मा, शहर उपाध्यक्ष दुर्गेश राणेकर, ब्लॉक प्रभारी इंदल सिंह, ब्लॉक उपाध्यक्ष छोटू यादव, अरुण निषाद, प्रदीप यादव, दुर्गेश सेन, संजय कलेथ, अर्जुन भट्ट, प्रकाश यादव सहित दर्जनों शिव सैनिक उपस्थित रहे।
स्थानीय लोगों ने भी शिव सैनिकों की इस पहल की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि इससे जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की नींद टूटेगी और क्षेत्र की समस्याओं का हल निकलेगा।

Anil Kumar Bhatt
Editor in Chief
