
छत्तीसगढ़: बिलासपुर में दर्दनाक हादसा – मंदिर दर्शन को गए एक ही परिवार के चार लोग उफनते नाले में बहे, तीन बच्चों की मौत, एक युवक लापता
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां बेलगहना चौकी क्षेत्र में एक ही परिवार के चार लोग उफनते नाले में बह गए। हादसे में तीन मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई है, जबकि एक युवक अभी भी लापता है। घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य जारी है।
मंदिर दर्शन को गया था परिवार
यह हादसा सोमवार को उस वक्त हुआ जब यह परिवार भंवारटंक के प्रसिद्ध मरही माता मंदिर में दर्शन के लिए गया हुआ था। दर्शन करने के बाद लौटते समय रास्ते में पड़ने वाला नाला बारिश के कारण उफान पर था। परिवार के लोगों ने नाले को पार करने की कोशिश की, लेकिन तेज बहाव की चपेट में आकर चार लोग बह गए।
तीन बच्चों के शव बरामद, युवक की तलाश जारी
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन, और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंच गई और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। रेस्क्यू टीम को अब तक तीन बच्चों के शव बरामद हो चुके हैं। मृत बच्चों की उम्र लगभग 8 से 12 वर्ष के बीच बताई जा रही है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।
वहीं, लापता युवक की तलाश अभी भी जारी है। तेज बारिश और रात होने के कारण सोमवार को रेस्क्यू कार्य को अस्थायी रूप से रोकना पड़ा था। मंगलवार सुबह होते ही गोताखोरों की टीम ने फिर से तलाश अभियान शुरू कर दिया है। स्थानीय प्रशासन द्वारा संभावित क्षेत्रों में नाले की गहराई और बहाव को ध्यान में रखते हुए सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
इलाके में भारी बारिश, नाले उफान पर
बेलगहना क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश हो रही है, जिससे कई नाले और जलधाराएं उफान पर हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे बारिश के मौसम में उफनते नालों और पुलों को पार करने से बचें।
शोक की लहर, गांव में मातम
इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है। पीड़ित परिवार के घर मातम पसरा हुआ है। स्थानीय ग्रामीण और समाजसेवी प्रशासन से बेहतर सुरक्षा व्यवस्था की मांग कर रहे हैं ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

Anil Kumar Bhatt
Editor in Chief
