
चाकू दिखाकर लूट की कोशिश, पुलिस ने 3 किमी पीछा कर आरोपी को दबोचा
रात्रि गश्त के दौरान पुलिस की तत्परता से बची युवक की जान, आरोपी के पास से बटनदार चाकू बरामद
रायपुर (ग्रामीण), 03 अप्रैल 2026:
रायपुर ग्रामीण पुलिस ने चाकू की नोक पर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले एक आरोपी को त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने हाईवे किनारे खड़े एक युवक को चाकू दिखाकर पैसे मांगने के साथ उस पर हमला भी किया था। पुलिस की सतर्कता और तत्परता के चलते बड़ी घटना टल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 2-3 अप्रैल की दरम्यानी रात थाना धरसींवा क्षेत्र के ग्राम सांकरा स्थित हाईवे रोड पर पंजाब बैट्री वर्क्स के पास प्रार्थी गणेश कुमार चंद्राकर अपने पिकअप वाहन को खड़ा कर भोजन कर रहा था। इसी दौरान आरोपी सागर रजक वहां पहुंचा और चाकू दिखाकर उसे डराने-धमकाने लगा। आरोपी ने गाली-गलौच करते हुए शराब पीने के लिए पैसों की मांग की।
जब प्रार्थी ने विरोध किया, तो आरोपी ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। इसी दौरान थाना तिल्दा-नेवरा के प्रभारी निरीक्षक रमाकांत तिवारी अपनी टीम के साथ रात्रि गश्त पर वहां से गुजर रहे थे। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए तुरंत हस्तक्षेप किया और प्रार्थी को गंभीर चोट लगने से बचा लिया।
पुलिस को देखकर आरोपी मौके से भागने लगा, लेकिन निरीक्षक तिवारी और उनकी टीम ने हार नहीं मानी। अंधेरे के बावजूद करीब 3 किलोमीटर तक पीछा कर आरोपी को पकड़ लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना धरसींवा में अपराध क्रमांक 177/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 119(1), 118(1), 296, 115(2) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त एक बटनदार चाकू भी बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी सागर रजक (22 वर्ष), निवासी लक्ष्मी नगर, ग्राम सांकरा, थाना धरसींवा, पहले भी आपराधिक मामलों में संलिप्त रहा है और थाना खमतराई क्षेत्र में लूट के एक मामले में जेल जा चुका है।
पुलिस की तत्परता से टली बड़ी वारदात
इस पूरी घटना में पुलिस की त्वरित कार्रवाई और मुस्तैदी की वजह से एक बड़ी वारदात टल गई। समय रहते हस्तक्षेप कर पुलिस ने न सिर्फ पीड़ित की जान बचाई, बल्कि आरोपी को भी गिरफ्तार कर कानून के हवाले कर दिया।
रायपुर ग्रामीण पुलिस की इस कार्रवाई ने यह साबित कर दिया है कि सतर्क गश्त और त्वरित निर्णय से अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की है।

Anil Kumar Bhatt
Editor in Chief
