धान खरीदी की राशि होली से पहले किसानों के खातों में: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

Img 20260227 Wa0000 780x470107750621236261248 1

धान खरीदी की राशि होली से पहले किसानों के खातों में: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय


किसानों की समृद्धि से ही विकसित भारत का सपना होगा साकार


रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि अन्नदाता देश की अर्थव्यवस्था की मजबूत रीढ़ हैं और किसानों की खुशहाली से ही विकसित भारत का सपना साकार हो सकता है।

मुख्यमंत्री से आज उनके निवास कार्यालय में प्रदेश भर से आए किसानों ने सौजन्य मुलाकात की और कृषक उन्नति योजना के तहत धान खरीदी की 10 हजार करोड़ रुपए से अधिक राशि होली से पहले किसानों के खातों में अंतरित करने की घोषणा पर आभार व्यक्त किया।


इस अवसर पर किसानों ने मुख्यमंत्री का धान से तौलकर अभिनंदन किया, जिसे प्रदेश के अन्नदाताओं की ओर से सम्मान का प्रतीक माना गया। मुख्यमंत्री श्री साय ने किसानों का आभार स्वीकार करते हुए कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों की रक्षा और उनकी आय बढ़ाने के लिए लगातार ठोस कदम उठा रही है।

Img 20260227 Wa0000 780x4708428688203708088494 1


मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सदैव किसानों की चिंता करते हैं और उनकी आय बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि भारत एक कृषि प्रधान देश है और किसानों की उन्नति ही राष्ट्र की प्रगति का आधार है।


किसान क्रेडिट कार्ड से मिली मजबूती


मुख्यमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि उसी समय किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) जैसी महत्वपूर्ण व्यवस्था लागू की गई, जिससे किसानों को कम ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध होने लगा। पहले किसानों को महाजनों से ऊंचे ब्याज पर कर्ज लेना पड़ता था, जिससे वे आर्थिक शोषण का शिकार होते थे। उन्होंने कहा कि अब किसानों को ब्याज मुक्त पूंजी की सुविधा मिल रही है, जिससे खेती-किसानी आसान हुई है।


सिंचाई रकबा लगातार बढ़ रहा


मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री सिंचाई योजना के माध्यम से किसानों के खेतों तक पानी पहुंच रहा है और प्रदेश में सिंचाई का रकबा लगातार बढ़ रहा है। इससे उत्पादन क्षमता में भी वृद्धि हो रही है।


3100 रुपए प्रति क्विंटल पर धान खरीदी


मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से कर रही है, जो देश में सर्वाधिक है। उन्होंने बताया कि सरकार ने निर्णय लिया है कि धान खरीदी की लगभग 10 हजार करोड़ रुपए से अधिक की राशि होली से पूर्व किसानों के खातों में अंतरित की जाएगी।


उन्होंने जानकारी दी कि 28 फरवरी को बिलासपुर जिले से इस राशि का अंतरण किया जाएगा और पूरे प्रदेश के विकासखंडों में इसे उत्सव की तरह मनाया जाएगा।


रिकॉर्ड धान खरीदी


मुख्यमंत्री के अनुसार, इस वर्ष प्रदेश के 25 लाख 24 हजार किसानों से 141 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार आगे भी किसानों के हित में पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी।


इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य बीज विकास निगम के अध्यक्ष श्री चंद्रहास चंद्राकर सहित प्रदेश भर से आए किसान उपस्थित रहे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *