
कांग्रेस का ‘मनरेगा बचाव संग्राम’: केंद्र सरकार की नीतियों पर तीखा प्रहार, ग्रामीणों से सीधा संवाद
खरोरा। जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी खरोरा द्वारा ग्राम चिंगरिया में ‘मनरेगा बचाव संग्राम’ के तहत पंचायत स्तरीय जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों पर जमकर निशाना साधते हुए मनरेगा योजना को कमजोर किए जाने का आरोप लगाया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से पूर्व विधायक अनीता शर्मा, धरसींवा ब्लॉक अध्यक्ष अश्वनी वर्मा, जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष उद्यो राम वर्मा तथा पूर्व जनपद अध्यक्ष तिल्दा देवव्रत नायक सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बीजेपी की योजनाओं पर हमला
जनसंपर्क के दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार की योजनाओं, विशेषकर ‘विकसित भारत’ (VB) अभियान को लेकर सवाल उठाए। पूर्व विधायक अनीता शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार केवल कागजी योजनाओं और प्रचार-प्रसार के माध्यम से जनता को भ्रमित कर रही है, जबकि जमीनी स्तर पर गरीब मजदूरों को उनका हक नहीं मिल पा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि मनरेगा जैसी जनकल्याणकारी योजना, जो ग्रामीणों के लिए आजीविका का प्रमुख साधन है, उसे जानबूझकर कमजोर किया जा रहा है। भुगतान में देरी, तकनीकी अड़चनें और बजट की कमी जैसी समस्याएं मजदूरों को प्रभावित कर रही हैं।
मनरेगा ग्रामीण सम्मान का आधार: अश्वनी वर्मा
ब्लॉक अध्यक्ष अश्वनी वर्मा ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि मनरेगा केवल एक रोजगार योजना नहीं, बल्कि ग्रामीण सम्मान और आत्मनिर्भरता का आधार है। उन्होंने भाजपा की नीतियों को मजदूर विरोधी बताते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी मनरेगा को बचाने और मजबूत करने के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी।
ब्लॉक समन्वयक खूबी डहरिया ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए स्थानीय स्तर पर मनरेगा कार्यों में आ रही तकनीकी दिक्कतों, ऑनलाइन मस्टररोल, जॉब कार्ड अपडेट और भुगतान में हो रही देरी जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि इन समस्याओं का समाधान प्राथमिकता से किया जाना चाहिए।
ग्रामीणों से सीधा संवाद, अधिकारों के प्रति जागरूकता
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया। ग्रामीणों ने भी मनरेगा से जुड़ी अपनी व्यावहारिक कठिनाइयों को साझा किया।
कार्यक्रम में भारी संख्या में ग्रामीणों और स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने ‘मनरेगा बचाव संग्राम’ को गांव-गांव तक पहुंचाने और मजदूरों के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।
इनकी रही उपस्थिति
कार्यक्रम में पूर्व जनपद अध्यक्ष तिल्दा देवव्रत नायक, खरोरा शहर अध्यक्ष सुरेंद्र गिलहरे, धनेश वर्मा, भानुप्रताप भट्ट, घनश्याम वर्मा, सरपंच रामायण निषाद, संदीप साहू, लोकेश वर्मा, घनश्याम बंजारे, ठाकुर राम नारंग, सुनील सायतोड़े, चंद्र प्रकाश डहरिया, दुर्गेश वर्मा, सरोजिनी विमल टुकेश्वरी, दुलारी सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
यह कार्यक्रम कांग्रेस की ओर से मनरेगा को लेकर चलाए जा रहे व्यापक अभियान का हिस्सा बताया जा रहा है, जिसके माध्यम से पार्टी ग्रामीण क्षेत्रों में जनजागरण और संगठन सुदृढ़ीकरण पर जोर दे रही है।

Anil Kumar Bhatt
Editor in Chief
