
जांजगीर में पुलिस–बदमाश मुठभेड़: मास्टरमाइंड रामनाथ घायल, 8 आरोपी गिरफ्तार, 5 जगह डकैती और हत्या के
प्रयास करने वाला गिरोह बेनकाब
जांजगीर-चांपा।
जिले में कानून व्यवस्था को खुली चुनौती दे रहे दुर्दांत अपराधियों के खिलाफ जांजगीर-चांपा पुलिस ने बड़ी और निर्णायक कार्रवाई करते हुए एक खतरनाक लूटपाट गिरोह का पर्दाफाश किया है। थाना शिवरीनारायण और थाना पामगढ़ क्षेत्र में हुई पुलिस–बदमाश मुठभेड़ के दौरान गिरोह का मास्टरमाइंड रामनाथ पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल हो गया। इस कार्रवाई में कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि घायल अवस्था में पकड़े गए रामनाथ को इलाज के बाद न्यायिक प्रक्रिया में लाया जा रहा है।
🔴 घेराबंदी से निकलने के लिए की फायरिंग, आत्मरक्षा में चली गोली
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान आरोपी रामनाथ ने पुलिस की घेराबंदी से बचने के लिए देशी कट्टे से पुलिस टीम पर फायरिंग की। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी। इसके बाद उसे मौके पर ही काबू कर लिया गया।
🔴 5 स्थानों पर लूट, मारपीट और हत्या के प्रयास
पुलिस जांच में सामने आया है कि 27 और 29 जनवरी की दरम्यानी रात थाना पामगढ़ और शिवरीनारायण क्षेत्र के अंतर्गत कुल 5 अलग-अलग स्थानों पर इस गिरोह ने लूटपाट, जानलेवा हमला और हत्या के प्रयास की वारदातों को अंजाम दिया था।
इन घटनाओं में 13 आम नागरिक घायल हुए, जिनमें से
2 की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज बिलासपुर एवं रायपुर के अस्पतालों में जारी है,
वहीं एक घायल व्यक्ति कोमा में बताया जा रहा है।
🔴 सुनसान रास्तों पर बनाते थे शिकार
जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी सुनसान और अंधेरे रास्तों पर मोटरसाइकिल से घूमते थे। राहगीरों को रोककर सीधे सिर पर रॉड, पाइप या डंडे से प्राणघातक हमला करते थे। इसके बाद मोबाइल फोन और नकदी लूटकर फरार हो जाते थे। लगातार वारदातों को अंजाम देकर क्षेत्र में दहशत फैलाना इनका मुख्य उद्देश्य था।
🔴 कई गांवों में फैली दहशत
थाना शिवरीनारायण क्षेत्र के कचंदा, बोईदा और बोर्ड गांव में हमलों की घटनाएं सामने आईं, जहां
मुकेश रायसागर और अमन बंजारे गंभीर रूप से घायल हुए।
वहीं थाना पामगढ़ क्षेत्र के
सोनसरी, खोखरी, बारगांव, भवतरा सहित अन्य गांवों में भी गिरोह की हिंसक वारदातें सामने आईं, जिसमें कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए।
🔴 हथियार, वाहन और नकदी बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री जब्त की है, जिसमें शामिल हैं—
4 स्टील रॉड
2 डंडे
बेल्ट
4 मोटरसाइकिल
1 स्कूटी
10 मोबाइल फोन
लूटे गए मोबाइल और नगद राशि
जब्त संपत्ति की कुल कीमत ₹4,09,000 आंकी गई है।
🔴 गिरफ्तार आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों में
निखिल टंडन, मनीराम गोंड, नरेश यादव, रोशन टंडन, आयुष रात्रे शामिल हैं।
इसके अलावा दो विधि से संघर्षरत बालक भी इस गिरोह का हिस्सा पाए गए हैं।
सभी आरोपियों के खिलाफ थाना शिवरीनारायण और थाना पामगढ़ में दर्ज मामलों के तहत गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
🔴 पुलिस की सख्त कार्रवाई से अपराधियों में खौफ
पुलिस की इस त्वरित, आक्रामक और सख्त कार्रवाई से जांजगीर-चांपा जिले में अपराधियों के हौसले पस्त हुए हैं। लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं से परेशान आम जनता ने पुलिस की इस कार्रवाई के बाद राहत की सांस ली है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में शांति और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

Anil Kumar Bhatt
Editor in Chief
