
सूरजपुर में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 8352 नशीले कैप्सूल के साथ युवक गिरफ्तार
सूरजपुर। जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के विरुद्ध आबकारी विभाग द्वारा लगातार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में आबकारी आयुक्त आर. संगीता के निर्देशानुसार तथा कलेक्टर एस. जयवर्धन एवं प्रभारी जिला आबकारी अधिकारी अनिल कुमार मित्तल के मार्गदर्शन में आबकारी विभाग सूरजपुर ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। विभाग की टीम ने भारी मात्रा में नशीले कैप्सूल की तस्करी करते हुए एक युवक को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वृत सूरजपुर प्रभारी एवं आबकारी उप निरीक्षक प्रदीप वर्मा के नेतृत्व में आबकारी विभाग की टीम नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान टीम को मुखबिर से विश्वसनीय सूचना प्राप्त हुई कि थाना सूरजपुर क्षेत्र अंतर्गत पंच मंदिर पारा, कब्रिस्तान मोहल्ला में मो. रोशन पिता अमीनुद्दीन (उम्र 23 वर्ष) अवैध रूप से नशीले कैप्सूलों का भंडारण कर उनकी बिक्री कर रहा है।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए आबकारी टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर दबिश दी। मौके से आरोपी मो. रोशन को गिरफ्तार कर उसकी तलाशी ली गई, जिसमें उसके कब्जे से कुल 8352 नग नशीले कैप्सूल SPASMO-PROXYVON (ट्रामाडोल) बरामद किए गए।
बरामद नशीले कैप्सूलों को विधिवत जप्त कर सीलबंद किया गया तथा आबकारी विभाग के कब्जे में लिया गया।
आबकारी विभाग ने आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(सी) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया है। मामले की विवेचना जारी है और यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी नशीले पदार्थों की आपूर्ति कहां से करता था और इसके नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
इस पूरी कार्रवाई एवं विवेचना का कार्य आबकारी उप निरीक्षक प्रदीप वर्मा द्वारा किया गया। कार्रवाई को सफल बनाने में आबकारी मुख्य आरक्षक मेवालाल सोनवानी, कृष्णा प्रसाद कुशवाहा, आरक्षक कमलेश्वर राजवाड़े, महिला आरक्षक जमुना एक्का, वाहन चालक प्रमोद साहू एवं योगेंद्र पांडे का विशेष योगदान रहा।
आबकारी विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। ऐसे असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई कर युवाओं को नशे की लत से बचाने के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Anil Kumar Bhatt
Editor in Chief
