रायपुर भी केन्द्र की ऐतिहासिक रेल क्षमता दोगुनी करने की योजना में सामिल ,मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बताया प्रदेश के लिए गर्व का क्षण

Image Editor Output Image 1529912456 17668721306931880540908813272528


रायपुर भी केन्द्र की ऐतिहासिक रेल क्षमता दोगुनी करने की योजना में सामिल


मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बताया प्रदेश के लिए गर्व का क्षण


रायपुर | 28 दिसम्बर 2025
भारतीय रेलवे द्वारा देश के 48 प्रमुख शहरों में अगले पाँच वर्षों के भीतर रेलगाड़ियों की संचालन क्षमता दोगुनी करने की महत्वाकांक्षी योजना में अब छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर को भी शामिल कर लिया गया है। इस ऐतिहासिक निर्णय का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने इसे प्रदेश के लिए गर्व और विकास का बड़ा अवसर बताया है।


मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि यह निर्णय छत्तीसगढ़ के करोड़ों रेल यात्रियों के लिए एक बड़ी सौगात है। इससे न केवल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि राज्य की कनेक्टिविटी, व्यापार, उद्योग, पर्यटन और लॉजिस्टिक्स सेक्टर को भी नई गति प्राप्त होगी।
रायपुर जंक्शन की भूमिका होगी और सशक्त
मुख्यमंत्री ने कहा कि रायपुर जंक्शन देश के प्रमुख रेलवे जंक्शनों में से एक है, जहाँ प्रतिदिन लाखों यात्री आवागमन करते हैं। संचालन क्षमता दोगुनी होने से रायपुर से गुजरने वाली ट्रेनों की संख्या बढ़ेगी, ट्रेनों की आवृत्ति बेहतर होगी और भीड़भाड़ में कमी आएगी। इससे आम यात्रियों के साथ-साथ छात्रों, मरीजों, उद्योगपतियों और व्यापारियों को विशेष राहत मिलेगी।


2030 तक रेल संरचना का व्यापक विस्तार
रेल मंत्रालय द्वारा जारी जानकारी के अनुसार वर्ष 2030 तक रेल संचालन क्षमता दोगुनी करने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए जाएंगे। इसके तहत मौजूदा रेलवे टर्मिनलों पर अतिरिक्त प्लेटफार्म, पिट लाइन और स्टेबलिंग लाइन का निर्माण किया जाएगा। साथ ही शहरी क्षेत्रों एवं आसपास नए टर्मिनलों की स्थापना, अत्याधुनिक सिग्नलिंग प्रणाली, यार्ड का आधुनिकीकरण, मल्टी-ट्रैकिंग के माध्यम से अनुभागीय क्षमता में वृद्धि तथा मेगा कोचिंग कॉम्प्लेक्स और आधुनिक रखरखाव सुविधाओं का विकास किया जाएगा।


राज्य की अर्थव्यवस्था को मिलेगी नई रफ्तार
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि रेल संरचना के विस्तार से राज्य में निवेश, रोजगार और लॉजिस्टिक्स सुविधाओं में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। औद्योगिक और वाणिज्यिक नगरों को बेहतर रेल संपर्क मिलने से व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और राज्य की अर्थव्यवस्था को नई दिशा मिलेगी।


छत्तीसगढ़ में 41 हजार करोड़ रुपये की रेल परियोजनाएं प्रगति पर


गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में वर्तमान में लगभग 41,000 करोड़ रुपये की लागत से रेलवे सुविधाओं के विस्तार का कार्य तेजी से चल रहा है। इसमें नई रेल लाइनों का निर्माण, रेलवे ट्रैक का दोहरीकरण, रेलवे फ्लाईओवर, पुल और अन्य बुनियादी ढांचागत कार्य शामिल हैं। केंद्र सरकार ने चालू बजट में छत्तीसगढ़ के लिए 6,925 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है, जिससे रेल परियोजनाओं को समयबद्ध रूप से पूरा करने में मदद मिलेगी।


इसके साथ ही छत्तीसगढ़ में रेलवे का शत-प्रतिशत विद्युतीकरण कार्य पूर्ण हो चुका है, जो राज्य को पर्यावरण-अनुकूल और आधुनिक रेल नेटवर्क की दिशा में अग्रसर करता है।
प्रमुख नई रेल परियोजनाएं
छत्तीसगढ़ में रेलवे के दीर्घकालिक विकास के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर कार्य जारी है, जिनमें शामिल हैं—
रावघाट–जगदलपुर रेल परियोजना: दल्लीराजहरा–अंतागढ़ (77 किमी) सेक्शन चालू, यात्री ट्रेनों का संचालन शुरू
के.के. रेल लाइन दोहरीकरण: 170 किमी में से 148 किमी का कार्य पूर्ण
डोंगरगढ़–कवर्धा–कटघोरा रेल लाइन (295 किमी): 4,021 करोड़ रुपये की लागत
कोरबा–अंबिकापुर नई रेल लाइन: सरगुजा क्षेत्र के विकास को मिलेगा बल
गढ़चिरौली–बीजापुर–बचेली रेल परियोजना (490 किमी): सर्वेक्षण के लिए 12.25 करोड़ रुपये स्वीकृत
सरडेगा–भालुमुडा डबल लाइन: ओडिशा और छत्तीसगढ़ के बीच बेहतर कनेक्टिविटी
इन परियोजनाओं से खनिज परिवहन, औद्योगिक उत्पादों के निर्यात, रोजगार सृजन और ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी में उल्लेखनीय सुधार होगा।


केंद्र और राज्य के बेहतर समन्वय का परिणाम
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में छत्तीसगढ़ को अभूतपूर्व रेल परियोजनाओं की सौगात मिली है। राज्य और केंद्र सरकार के बीच बेहतर समन्वय के कारण ही यह ऐतिहासिक पहल संभव हो पाई है।


मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में छत्तीसगढ़ देश के सबसे बेहतर रेल संपर्क वाले राज्यों में शामिल होगा और यह परिवर्तन “विकसित भारत @2047” के संकल्प को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *