
जशपुर में दो गुमशुदा युवकों की हत्या का खुलासा
डेम से बरामद हुए शव, जंगली सूअर के शिकार के लिए बिछाए गए करंट तार से गई थी जान
जशपुर | 19 दिसंबर 2025
जशपुर जिले में बीते दिनों से लापता दो युवकों की हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। थाना तुमला अंतर्गत चौकी कोल्हेनझरिया क्षेत्र में हुए इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने कागजपुड़ा डेम से दोनों युवकों के शव बरामद कर लिए हैं। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि चार अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।
मृतकों की पहचान ग्राम सेरमाटोली निवासी विलियम कुजूर (31 वर्ष) और दिलीप राम खड़िया (23 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों युवक 12 दिसंबर 2025 से लापता थे। परिजनों द्वारा गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराए जाने के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की थी।
जांच में सामने आया चौंकाने वाला सच
पुलिस की पतासाजी के दौरान कई अहम सुराग हाथ लगे, जिसके आधार पर ग्राम डांगबंधी निवासी आयटू लोहार (30 वर्ष) को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने चार साथियों के साथ मिलकर इस घटना को अंजाम दिया।
आरोपियों ने जंगली सूअर के अवैध शिकार के उद्देश्य से जंगल से लगे अरहर के खेत में बिजली का करंट प्रवाहित तार बिछाया था। इसी दौरान जंगल की ओर जा रहे विलियम कुजूर और दिलीप खड़िया उस करंट तार की चपेट में आ गए, जिससे दोनों की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
साक्ष्य छिपाने के लिए शव डेम में फेंके
घटना के बाद आरोपियों ने मामले को छिपाने की नीयत से दोनों शवों को बोरे में भरकर कागजपुड़ा डेम में फेंक दिया।
आरोपी आयटू लोहार की निशानदेही पर पुलिस ने डेम से दोनों शव बरामद कर पोस्टमार्टम कराया।
प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दोनों युवकों की मौत का कारण करंट से झुलसना बताया गया है।
कानूनी कार्रवाई और आगे की जांच
पुलिस ने थाना तुमला में आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) की संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। वहीं, फरार चार अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस का बयान
इस संबंध में एएसपी अनिल कुमार सोनी ने बताया कि,
“जंगली सूअर के शिकार के लिए अवैध रूप से बिछाए गए करंट तार की चपेट में आने से दोनों युवकों की मौत हुई थी। आरोपियों ने शवों को छिपाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने मामले का सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।”
इस घटना के बाद क्षेत्र में अवैध शिकार और बिजली के करंट के दुरुपयोग को लेकर प्रशासन की सतर्कता बढ़ा दी गई है।

Anil Kumar Bhatt
Editor in Chief
