
बिलासपुर/रतनपुर: नशे के सौदागरों पर रतनपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 30 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त
बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रतनपुर पुलिस ने ग्राम रानीगांव के पास कार्रवाई करते हुए दो शराब कोचियों को स्कूटी पर अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब ले जाते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 30 लीटर कच्ची महुआ शराब, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 6,000 रुपये बताई जा रही है, जब्त की है। इसके साथ ही परिवहन में प्रयुक्त होण्डा एक्टिवा स्कूटी को भी जप्त किया गया है।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह भापुसे के निर्देश पर जिलेभर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के अंतर्गत की गई। पुलिस अधिकारियों द्वारा स्पष्ट किया गया है कि अवैध शराब, मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर पूरी सख्ती के साथ कार्रवाई जारी रहेगी।

मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
थाना रतनपुर पुलिस को 18 दिसंबर को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम रानीगांव के आसपास स्कूटी से कच्ची महुआ शराब की अवैध ढुलाई की जा रही है। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर संदिग्ध स्कूटी को रोका। तलाशी लेने पर स्कूटी से भारी मात्रा में कच्ची महुआ शराब बरामद की गई।
गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनके नाम इस प्रकार हैं—
1. खिलेश्वर कंवर (उम्र 19 वर्ष), निवासी सिल्ली, थाना पाली, जिला कोरबा
2. सुनीता मरावी (उम्र 35 वर्ष), निवासी रानीगांव, थाना रतनपुर
दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद उन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस पूरी कार्रवाई को थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। टीम में प्र.आर. सैय्यद अकबर अली, आर. आकाश डोंगरे, धनराज कुंभकार, देवानंद चन्द्राकर, मनीष जायसवाल एवं महिला आरक्षक अनिषा कश्यप शामिल रहे। पुलिस अधीक्षकों ने टीम की तत्परता और सजगता की सराहना की है।
अपराध पर अंकुश लगाने की दिशा में अहम कदम
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस तरह की कार्रवाई अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने और समाज को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने के उद्देश्य से की जा रही है। आने वाले दिनों में भी जिलेभर में लगातार अभियान चलाकर अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रतनपुर पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है और आम जनता ने पुलिस की सक्रियता का स्वागत किया है।

Anil Kumar Bhatt
Editor in Chief
