
तिल्दा नेवरा पुलिस की बड़ी कार्यवाही : “ऑपरेशन निश्चय” के तहत गांजा तस्करी में 3 आरोपी गिरफ्तार, 10.629 किलो गांजा बरामद
रायपुर। रायपुर पुलिस द्वारा नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन निश्चय” के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में थाना तिल्दा नेवरा क्षेत्र में पुलिस ने गांजा तस्करी करने वाले तीन आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 10.629 किलोग्राम गांजा, एक पल्सर मोटरसाइकिल (CG 04 MD 3452) तथा दो मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।
सूचना मिलते ही तिल्दा पुलिस और ए.सी.सी.यू. की संयुक्त कार्रवाई
दिनांक 03 नवंबर 2025 को एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) को सूचना प्राप्त हुई कि तीन व्यक्ति पल्सर मोटरसाइकिल से अपने बैग में गांजा लेकर तिल्दा नेवरा क्षेत्र की ओर आ रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना तिल्दा नेवरा पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा कोहका आईटीआई रोड स्थित धान फड़ के पास नाकेबंदी की गई।
थोड़ी देर बाद मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के अनुसार एक पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक मौके पर पहुंचे। पुलिस ने उन्हें रोककर पूछताछ की, जिनकी पहचान इस प्रकार हुई –
1. राजेश यादव, पिता – जगन्नाथ यादव, उम्र – 22 वर्ष, स्थायी पता – तेजपुर थाना धरमजयगढ़, जिला रायगढ़। हाल निवास – गोपाल नगर, रामनगर गुढियारी, जिला रायपुर।
02. परमेश्वर सेन पिता सीताराम सेन उम्र 34 साल निवासी रामनगर गोपाल नगर गुढ़ियारी, गौरा चौरा के पास थाना गुढ़ियारी जिला रायपुर।
03. हिरेन्द्र निषाद पिता राधाकृष्ण निषाद उम्र 41 साल निवासी कोहका कॉलेज के सामने थाना तिल्दा नेवरा जिला रायपुर।
बैग से मिला गांजा, तीनों आरोपी गिरफ्तार
पुलिस टीम ने आरोपियों के बैग की तलाशी ली तो उनमें अलग-अलग पैकेटों में गांजा भरा हुआ मिला। इस पर पुलिस ने तीनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। जब्त की गई कुल 10.629 किलोग्राम गांजा की अनुमानित बाजार कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
थाना तिल्दा नेवरा में दर्ज हुआ अपराध
घटना के संबंध में थाना तिल्दा नेवरा में अपराध क्रमांक 494/2025, धारा 20 (बी) नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटांसेज एक्ट (NDPS Act) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
“ऑपरेशन निश्चय” के तहत सख्त कार्रवाई जारी
पुलिस अधीक्षक रायपुर के निर्देशन में “ऑपरेशन निश्चय” के तहत जिलेभर में मादक पदार्थों की अवैध तस्करी व बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस ऑपरेशन के तहत मुखबिर तंत्र को मजबूत कर तस्करी में संलिप्त लोगों पर पैनी नजर रखी जा रही है।
पुलिस का संदेश
रायपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी भी प्रकार की मादक पदार्थों की बिक्री या तस्करी की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गुप्त रखी जाएगी।

Anil Kumar Bhatt
Editor in Chief
