
कवर्धा में भाजयुमो और युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच विवाद, मारपीट का वीडियो वायरल
कवर्धा, 11 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के कवर्धा में गुरुवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) और युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जबरदस्त झड़प हो गई। इस दौरान दोनों पक्षों में मारपीट, गाली-गलौच और कपड़े फाड़ने जैसी घटनाएं सामने आईं। अब इस पूरी घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं को दौड़ाकर पीटते हुए देखा जा सकता है।

राहुल टिकरिहा के आगमन पर हुआ विवाद
दरअसल, भाजयुमो के नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष राहुल टिकरिहा के कवर्धा आगमन पर युवक कांग्रेस कार्यकर्ता विरोध करने पहुंचे थे। वे प्रदेशाध्यक्ष को काले झंडे दिखाकर शांतिपूर्वक विरोध प्रदर्शन करना चाहते थे। लेकिन इसी विरोध प्रदर्शन के दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई और दोनों गुट आमने-सामने आ गए।
सड़क से गलियों तक दौड़ाकर की गई पिटाई
प्रदर्शन के दौरान भाजयुमो और युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं में कहासुनी शुरू हुई, जो जल्द ही हाथापाई में बदल गई। युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि भाजयुमो के कथित समर्थकों ने उन्हें मुख्य सड़क से गलियों तक दौड़ाकर मारा-पीटा। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भगाया जा रहा है और अपशब्दों का इस्तेमाल भी हो रहा है।
पुलिस रही मूकदर्शक
मामले में युवक कांग्रेस ने पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। कार्यकर्ताओं का कहना है कि जब भाजयुमो कार्यकर्ताओं द्वारा मारपीट की जा रही थी, तब पुलिस मूकदर्शक बनी रही। उल्टा उन्होंने युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं को समझाने की कोशिश की, जबकि हमलावरों को रोकने का कोई प्रयास नहीं किया गया।
युवक कांग्रेस का आरोप
युवक कांग्रेस के कार्यकर्ता आकाश केशरवानी, राहुल सिंहा, मनीष चंद्रवंशी, विरेंद्र जांगड़े और सुधांशु बघेल ने आरोप लगाया कि भाजयुमो के कार्यकर्ता बाहरी थे और उन्होंने शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं पर अचानक हमला कर दिया। उन्होंने यह भी कहा कि भाजयुमो के कार्यकर्ताओं ने गुंडों की तरह व्यवहार किया और गाड़ियों से उतरते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर हमला बोल दिया।
पुलिस प्रशासन पर उठे सवाल
इस पूरे घटनाक्रम में पुलिस की निष्क्रियता पर सवाल उठाए जा रहे हैं। युवक कांग्रेस का कहना है कि पुलिस ने भाजयुमो की गुंडागर्दी का खुलकर समर्थन किया और कार्यवाही के नाम पर सिर्फ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को ही रोका-टोका गया।
राजनीतिक माहौल गरमाया
इस विवाद के बाद कवर्धा का राजनीतिक माहौल गर्मा गया है। युवक कांग्रेस ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है और भाजयुमो कार्यकर्ताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, भाजपा की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

Anil Kumar Bhatt
Editor in Chief
