
कृषि स्नातक संघ ने किया आंदोलन का आगाज, नौ सूत्रीय मांगों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन शुरू
तिल्दा, छत्तीसगढ़ | 15 सितम्बर 2025
छत्तीसगढ़ कृषि स्नातक शासकीय कृषि अधिकारी संघ ने अपनी नौ सूत्रीय मांगों को लेकर 8 सितम्बर से चरणबद्ध आंदोलन की शुरुआत कर दी है। यह आंदोलन प्रदेशभर के कृषि स्नातक ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी (RAEO) एवं कृषि विकास अधिकारियों (ADO) के समर्थन से चलाया जा रहा है, जिसमें संगठन ने अपनी लंबित मांगों की पूर्ति हेतु सरकार को चेतावनी देते हुए कार्यस्थल पर विरोध जताया है।

काली पट्टी लगाकर जताया विरोध
आंदोलन के प्रथम चरण के अंतर्गत 8 और 9 सितंबर को सभी अधिकारी काली पट्टी लगाकर नियमित कार्यों को करते हुए अपनी नाराजगी जताई। इसके माध्यम से उन्होंने शासन और प्रशासन को यह संदेश दिया कि यदि उनकी मांगों की अनदेखी की गई, तो आने वाले समय में आंदोलन और उग्र रूप ले सकता है।
ज्ञापन सौंपा गया, अगले चरण में तीव्र होगा आंदोलन
जिलाध्यक्ष श्री राजू दास एवं ब्लॉक अध्यक्ष श्री जीतू घोष ने बताया कि संघ की प्रांतीय बैठक में यह निर्णय लिया गया है कि यदि शासन ने मांगे नहीं मानी, तो आंदोलन के दूसरे चरण में जिले के समस्त कृषि स्नातक RAEO एवं ADO अधिकारी शामिल होंगे। आगामी 15 सितम्बर को सभी विकासखंडों, तहसीलों, एसडीएम कार्यालयों और कलेक्टर कार्यालयों के माध्यम से मुख्यमंत्री और कृषि मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा।

ऑनलाइन कार्यों का बहिष्कार
संगठन ने स्पष्ट किया है कि यदि सरकार द्वारा उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्यवाही नहीं की गई, तो 15 सितंबर से बिना संसाधन भत्ता के किसी भी प्रकार के ऑनलाइन कार्य नहीं किए जाएंगे। यह चेतावनी प्रशासनिक कार्यों को प्रभावित कर सकती है।
—
संघ की प्रमुख मांगे इस प्रकार हैं:
1. ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों का वेतनमान संशोधन कर 4300 ग्रेड पे किया जाए।
2. RAEO और ADO के कार्यक्षेत्र का पुनर्निर्धारण किया जाए।
3. मासिक स्थाई यात्रा भत्ता में वृद्धि की जाए।
4. संसाधन भत्ता दिया जाए ताकि फील्ड कार्यों में सुविधा हो।
5. पदनाम में संशोधन कर RAEO को “कृषि विस्तार अधिकारी” के रूप में मध्यप्रदेश सरकार की तर्ज पर मान्यता दी जाए।
6. ग़ैर विभागीय कार्यों में ड्यूटी लगाने की प्रथा को बंद किया जाए।
7. लंबित पदोन्नति प्रक्रिया तत्काल प्रारंभ की जाए।
8. अतिरिक्त प्रभार पर सम्मानजनक भत्ता प्रदान किया जाए।
9. ऑनलाइन कार्यों हेतु संसाधन उपलब्ध कराए जाएं, अन्यथा उनका बहिष्कार किया जाएगा।
—
ज्ञापन सौंपने में कई अधिकारी रहे उपस्थित
8 सितंबर को श्री अनुविभागीय अधिकारी, तिल्दा को ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें ब्लॉक अध्यक्ष श्री जीतू घोष के साथ गौरव मुकीम, खिलेन्द्र वर्मा, इशाक डेविड तिर्की, कपिल ठाकुर, गौरव सिरमौर, एस.एफ. अनशारी, श्रीमती कुंजलता वर्मा, श्रीमती रोशनी राय एवं अन्य RAEO अधिकारीगण सम्मिलित रहे।
संगठन का कहना है कि यदि सरकार ने शीघ्र ही सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो यह आंदोलन प्रदेश स्तर पर व्यापक रूप ले सकता है। कृषि क्षेत्र से जुड़े इन अधिकारियों की मांगें लंबे समय से लंबित हैं और इन्हें अनदेखा करना कृषि व्यवस्थाओं को प्रभावित कर सकता है।
—
📰 रिपोर्ट: अनिल कुमार भट्ट तिल्दा टाइम्स CG न्यूज
📍 तिल्दा, छत्तीसगढ़

Anil Kumar Bhatt
Editor in Chief
